

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarhi Rapper Appy Raja Passed Away
रायपुर। छत्तीसगढ़ी रैप संगीत को नई पहचान दिलाने वाले लोकप्रिय रैपर चेतन चांडक उर्फ एप्पी राजा का रायपुर एम्स में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से छत्तीसगढ़ी संगीत जगत और उनके प्रशंसकों में गहरा शोक व्याप्त है।
एप्पी राजा का जन्म वर्ष 1994 में नवागढ़ में हुआ था। उनके माता-पिता मूल रूप से राजस्थान के जैसलमेर के निवासी थे, जो बाद में छत्तीसगढ़ के बेमेतरा और फिर नवागढ़ में आकर बस गए थे। उन्होंने अपने बचपन के शुरुआती वर्ष दुर्ग में बिताए, जहां उनकी प्रारंभिक शिक्षा हुई।
वर्ष 2002 के बाद उनका परिवार कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में आकर रहने लगा। आर्थिक परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने के बावजूद एप्पी राजा रोजाना भानुप्रतापपुर से कांकेर तक पढ़ाई के लिए आना-जाना करते थे।
कांकेर के एक निजी स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने कक्षा सातवीं में अपना पहला रैप लिखा था। 11वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान उनके पिता को हार्ट अटैक आया, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति और कमजोर हो गई। पारिवारिक जिम्मेदारियों और पिता के इलाज के लिए उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी।
इसके बाद वे रोजगार की तलाश में गुजरात के सूरत गए। उन्होंने भिलाई में मोबाइल रिपेयरिंग का काम किया और बाद में पंजाब में भी नौकरी की। संघर्षों के बीच उन्होंने अपने संगीत के सपने को जिंदा रखा।
पंजाब में एक म्यूजिक डायरेक्टर के संपर्क में आने के बाद उनके जीवन ने नई दिशा पकड़ी। स्टूडियो में रहकर उन्होंने गानों पर काम शुरू किया और छत्तीसगढ़ी भाषा में रैप संगीत की शुरुआत की। उन्होंने अपने गाने यूट्यूब पर रिलीज करने शुरू किए।
उनका गीत “भोकोलोलो” यूट्यूब पर जबरदस्त हिट हुआ और लाखों व्यूज के साथ एप्पी राजा को व्यापक पहचान मिली। इसके बाद वे छत्तीसगढ़ी रैप संगीत के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में शामिल हो गए।
एप्पी राजा के निधन से छत्तीसगढ़ी संगीत जगत ने एक संघर्षशील, प्रतिभाशाली और प्रेरणादायक कलाकार को खो दिया है। उनके प्रशंसक और साथी कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।