

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The new academic session in Chhattisgarh begins tomorrow; students will be welcomed with the 'Shala Pravesh Utsav' (school admission festival).
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कल 16 जून, मंगलवार से होने जा रही है। प्रदेश के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालय मंगलवार से खुल जाएंगे। नए सत्र के शुभारंभ के अवसर पर राज्यभर में ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया जाएगा।
पात्र विद्यार्थियों को पहले दिन से मिलेगी शासकीय योजनाओं का लाभ
शिक्षा विभाग के अनुसार नए सत्र के पहले ही दिन पात्र छात्र-छात्राओं को दो सेट स्कूल यूनिफॉर्म, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें तथा साइकिल वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि विद्यार्थियों को सत्र के आरंभ से ही आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, जिससे पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रदेश के सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समय प्रबंधन और अच्छे स्वास्थ्य को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी पूरे मनोयोग और लगन के साथ अध्ययन करें तथा अपनी मेहनत और प्रतिभा से छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में रोशन करें।
शिक्षकों से बेहतर मार्गदर्शन और संस्कारयुक्त शिक्षा देने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई पीढ़ी को शिक्षकों के मार्गदर्शन में सौंपा जा रहा है, जो बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों का भी ज्ञान देने का आग्रह किया।
शिक्षा विभाग ने दिए 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
इधर, स्कूल खुलने से पहले शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने पहले दिन विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शाला प्रवेश उत्सव को उत्साहपूर्वक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।