

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: CM Sai calls for making the 'Shala Pravesh Utsav' a success; writes to public representatives.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखकर कल16 जून से 27 जून 2026 तक आयोजित होने वाले “शाला प्रवेश उत्सव” में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे सशक्त आधार है तथा यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं शिक्षा से जुड़े सभी लोगों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बालक-बालिका का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करना और उनकी नियमित पढ़ाई को प्रोत्साहित करना है।
जनप्रतिनिधियों से बच्चों के नामांकन में सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री साय ने मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत अध्यक्षों, महापौरों तथा नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र के किसी विद्यालय में उपस्थित होकर अभियान में सहभागी बनें। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालय से जोड़ने पर जोर दिया, जो अभी तक स्कूल नहीं पहुंचे हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं।
जनभागीदारी से बनेगा जनआंदोलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करेगी। इससे समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा का अधिकार पहुंचाने में मदद मिलेगी।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
पत्र में मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि राज्य सरकार विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से उत्कृष्ट शिक्षण वातावरण विकसित किया जा रहा है। साथ ही वर्ष 2026 से 150 विवेकानंद विद्यालयों की स्थापना कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए मानक स्थापित किए जा रहे हैं।
नई शिक्षा नीति के अनुरूप विकसित हो रहे विद्यालय
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शासकीय विद्यालयों को आधुनिक, तकनीक-संपन्न और छात्र-केंद्रित संस्थानों के रूप में विकसित किया जा रहा है। विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश तथा बालिकाओं को सरस्वती साइकिल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि आर्थिक कारणों से कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों के सक्रिय सहयोग और व्यापक जनभागीदारी से शाला प्रवेश उत्सव को सफल बनाया जा सकेगा तथा प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा का अधिकार पहुंचाने के लक्ष्य को हासिल किया जाएगा।