

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chief Minister Sai lauds the ‘Muskurata Bastar’ initiative.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मंत्रालय महानदी भवन में कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बस्तर में आयोजित ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान के तहत कार्टून प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला की जानकारी मुख्यमंत्री को दी और इस पहल पर आधारित स्मारिका भेंट की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनसंपर्क विभाग और कार्टून वॉच की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि कला समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कार्टून केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह विचारों को सरल, सहज और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने वाली सशक्त कला विधा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को शुरुआती दौर से ही रचनात्मक अभिव्यक्ति के अवसर मिलना चाहिए। इससे उनमें आत्मविश्वास, संवेदनशीलता, तार्किक सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कला, साहित्य, खेल और संस्कृति जैसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और निखारने का अवसर मिल सके।
गौरतलब है कि जनसंपर्क विभाग और कार्टून वॉच द्वारा ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान के तहत जगदलपुर सहित बस्तर अंचल के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के करीब 100 विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्टून प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई थी।
कार्यशाला में देश के प्रसिद्ध कार्टूनिस्टों ने बच्चों को कार्टून कला की बारीकियों, रेखांकन, व्यंग्य की अभिव्यक्ति, दृश्य संप्रेषण और रचनात्मक सोच के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं को चित्रों के माध्यम से व्यक्त करने और सामाजिक विषयों पर सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।