

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chintan Shivir 3.0: CM Sai and Cabinet to Brainstorm on Good Governance, AI, and Administrative Reforms
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके मंत्रिमंडल के सभी मंत्री 4 और 5 जुलाई 2026 को नवा रायपुर स्थित IIM रायपुर में आयोजित दो दिवसीय आवासीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ में हिस्सा लेंगे। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रहे इस शिविर का उद्देश्य शासन-प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, आधुनिक और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में व्यापक मंथन करना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा में बताया कि चिंतन शिविर के दौरान शासन को आर्थिक रूप से अधिक प्रभावी, तकनीक-सक्षम और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी। बदलते समय और तकनीकी परिवेश के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था को ढालने पर विशेष जोर रहेगा।
शिविर में मंत्रियों की कार्यशैली को अधिक कुशल, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही प्रशासनिक सुधारों, निर्णय प्रक्रिया में दक्षता और बेहतर सेवा वितरण को लेकर विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे।
सरकार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन को अत्याधुनिक स्वरूप में विकसित करने की दिशा में भी विचार-विमर्श करेगी। AI आधारित नवाचार, कौशल विकास और रोजगार सृजन से जुड़े विषय इस चिंतन शिविर के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगे।
दो दिवसीय शिविर में देश के प्रतिष्ठित विषय विशेषज्ञ मंत्रियों को नीति निर्माण, गुड गवर्नेंस, विकास प्रशासन और प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। विशेषज्ञ बदलती प्रशासनिक चुनौतियों और उनके समाधान पर भी अपने अनुभव साझा करेंगे।
चिंतन शिविर में सरकार अपने अब तक के कार्यों और योजनाओं की समीक्षा करेगी तथा आने वाले समय के लिए विकास, प्रशासनिक सुधार और सुशासन की प्राथमिकताओं पर रणनीति तय करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘चिंतन शिविर 3.0’ सुशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर चर्चा होगी, जिससे प्रदेश में गुड गवर्नेंस को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।