

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Claim that Virat Kohli charged ₹5 crore for visiting Premanand Maharaj's ashram is false; team reveals the truth.
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली के वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहली बार जाने के लिए पांच करोड़ रुपये दिए जाने के आरोपों को उनके प्रवक्ता ने सिरे से खारिज कर दिया है। कोहली के प्रवक्ता ने इन दावों को “पूरी तरह से झूठा, निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत” बताया है।
विराट कोहली के प्रवक्ता ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि क्रिकेटर की प्रेमानंद महाराज के आश्रम की यात्राएं किसी आर्थिक लेन-देन की वजह से नहीं, बल्कि महाराज जी के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा से प्रेरित थीं। प्रवक्ता ने कहा, “हम स्पष्ट रूप से यह बताना चाहते हैं कि फलहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा विराट कोहली के संबंध में किए गए दावे पूरी तरह से झूठे, निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं।”
प्रवक्ता ने आरोपों का दृढ़ता से खंडन करते हुए मीडिया से अपील की कि इस तरह के दावों को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की उचित तरीके से पुष्टि की जाए। उन्होंने कहा कि मीडिया को ऐसी बयानों को रिपोर्ट या बढ़ावा देने से पहले उचित सावधानी और जिम्मेदारी बरतनी चाहिए।
गौरतलब है कि वृंदावन स्थित राधा केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज की शिष्या रसिक दुलारी की रहस्यमयी मौत के बाद विराट कोहली से जुड़ा यह दावा सामने आया।
श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने आरोप लगाया था कि साल 2023 में प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहली बार पहुंचने के लिए विराट कोहली को पांच करोड़ रुपये दिए गए थे। उनके मुताबिक, ऐसा करने से आध्यात्मिक गुरु की लोकप्रियता बढ़ती।
विराट कोहली और उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के भक्त बताए जाते हैं। दोनों कई मौकों पर वृंदावन स्थित आश्रम पहुंच चुके हैं। उनकी आश्रम यात्राओं की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं। हालांकि, पांच करोड़ रुपये दिए जाने के आरोप को कोहली के प्रवक्ता ने स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है और इसे तथ्यहीन बताया है।