

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Congress attacks BJP over the transfer of 700 teachers; Deepak Baij says BJP is running a ‘transfer industry’.
रायपुर। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने रविवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश सरकार पर शिक्षकों के तबादले को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर शिक्षकों के तबादले ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान या नए शिक्षण सत्र शुरू होने से पहले किए जाते रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार तय नियमों और मापदंडों को दरकिनार कर करीब 700 शिक्षकों का तबादला कर रही है।
बैज ने आरोप लगाया कि सरकार तबादले की प्रक्रिया का इस्तेमाल ‘जबरिया उगाही और भयादोहन’ के लिए कर रही है और प्रदेश में ‘तबादला उद्योग’ चलाया जा रहा है।
दीपक बैज ने कहा कि शिक्षण सत्र के बीच शिक्षकों के तबादले का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नए स्कूल में पहुंचने के बाद शिक्षक को नए माहौल और नए विद्यार्थियों के साथ तालमेल बनाने में समय लगेगा। वहीं विद्यार्थियों को भी नए शिक्षक के साथ सामंजस्य बैठाने में परेशानी होगी।
उन्होंने कहा कि इससे पढ़ाई की लय टूट सकती है और शिक्षकों के लिए निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा करना मुश्किल हो जाएगा। कांग्रेस ने सरकार से तबादला प्रक्रिया में तय नियमों और शैक्षणिक हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने E20 पेट्रोल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त वैज्ञानिक परीक्षण के पेट्रोल में एथेनॉल मिलाकर बेचा जा रहा है, जिससे वाहनों को नुकसान होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
बैज ने कहा कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से सरकार मुनाफा कमा रही है, लेकिन इसका असर आम वाहन मालिकों पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करने और उपभोक्ताओं की चिंताओं का समाधान करने की मांग की।
भाजपा की ओर से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा पर भी दीपक बैज ने निशाना साधा। उन्होंने इसे केवल दिखावे का अभियान बताते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए घर-घर यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज और देशभक्ति के विषय को राजनीतिक प्रचार का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।
दीपक बैज ने अगस्त क्रांति दिवस और विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार और भाजपा पर आदिवासी समाज को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री आदिवासी हैं, लेकिन आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बनने के लिए उन्हें खुद को आदिवासी नहीं मानने की शर्त स्वीकार करनी पड़ी। बैज ने भाजपा और RSS पर आदिवासी समाज को ‘वनवासी’ कहने का षड्यंत्र करने का आरोप भी लगाया।
बिजली बिल के मुद्दे पर भी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सरकार और बिजली कंपनी को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले ज्यादा बिजली बिल भेजे जा रहे हैं और जब उपभोक्ता इसकी शिकायत करते हैं तो सरकार और बिजली कंपनी जनता को ही झूठा ठहराने लगती है। बैज ने कहा कि सरकार को बिजली बिलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए और अधिक बिल आने की शिकायतों का उचित तरीके से निराकरण करना चाहिए।