

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Consignment of 200 kg of cannabis being transported from Odisha to Nagpur seized; father and son arrested.
रायपुर। रायपुर-महासमुंद राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 200 किलो गांजा जब्त किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे और महज दो लाख रुपये के लालच में इस खेप को ओडिशा से नागपुर पहुंचाने के लिए तैयार हुए थे।
पुलिस के अनुसार ट्रक में भारी मशीनें लदी हुई थीं। इन्हीं मशीनों के नीचे और बीच बने खाली स्थानों में सात बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था ताकि जांच के दौरान किसी को संदेह न हो। मुखबिर से मिली सूचना के बाद रात में लामबंदी के पास नाकेबंदी कर ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि ट्रक कोलकाता से मशीनें लेकर मुंबई की ओर जा रहा था। ओडिशा सीमा के पास बिना नंबर वाली गाड़ियों से आए कुछ लोगों ने ट्रक में गांजा लोड कराया। इसके बाद खेप को नागपुर पहुंचाने का जिम्मा चालक को दिया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल सप्लायर, खरीदार और अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।
कार्रवाई में कोलकाता निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद लाल और उसके 19 वर्षीय बेटे मोहम्मद रुस्तम को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से परिवहन व्यवसाय से जुड़े हैं। आरोपियों का कहना है कि भारी कर्ज के कारण उन्होंने दो लाख रुपये के बदले गांजा पहुंचाने का काम स्वीकार किया था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी की गतिविधियों पर पिछले करीब एक महीने से नजर रखी जा रही थी। तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और लगातार इनपुट के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सूचना मिलते ही टीम ने नाकेबंदी कर ट्रक को पकड़ा और पूरी खेप जब्त कर ली।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में केवल चालक और उसका बेटा ही नहीं, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। गांजा कहां से आया, किसने लोड कराया और किसके पास पहुंचाया जाना था, इन सभी पहलुओं पर जांच जारी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।