

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: DEOs are now responsible for conducting annual examinations for classes 1 to 11 in Chhattisgarh, with private schools protesting.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षाओं के साथ अब कक्षा 1 से 11वीं तक की वार्षिक परीक्षाओं का संचालन भी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) की निगरानी में होगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। नए आदेश के अनुसार सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षाओं की पूरी जिम्मेदारी प्रश्नपत्र निर्माण से लेकर मूल्यांकन और परिणाम घोषित करने तक डीईओ पर रहेगी।
सभी प्रकार के स्कूलों पर लागू होगा आदेश
जारी आदेश के मुताबिक यह व्यवस्था शासकीय, अनुदान प्राप्त, अशासकीय और स्वामी आत्मानंद स्कूलों पर समान रूप से लागू होगी। परीक्षा संचालन के लिए जिला स्तर पर संचालन समिति, प्रश्नपत्र निर्माण समिति और मॉडरेशन समिति का गठन किया जाएगा।


25 मार्च से 10 अप्रैल के बीच होंगी परीक्षाएं
निर्देशों के अनुसार कक्षा 1 से 11वीं तक की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। वहीं परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल तक घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने जताया विरोध
इस आदेश का छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने कड़ा विरोध किया है। एसोसिएशन का कहना है कि निजी स्कूलों की आंतरिक परीक्षाओं में सरकारी हस्तक्षेप स्कूलों की स्वायत्तता पर सीधा हमला है। पदाधिकारियों का कहना है कि अंतिम समय में नियमों में बदलाव व्यवहारिक नहीं है और इससे स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होगी।
आंदोलन की चेतावनी
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर आदेश में संशोधन नहीं किया गया तो प्रदेशभर के निजी स्कूल आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग और शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर अपनी मांग रखने की बात भी कही गई है।