

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Deepika Padukone's 'Onset Program' receives overwhelming response, over 5,000 entries
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री, प्रोड्यूसर और मेंटल हेल्थ एडवोकेट दीपिका पादुकोण की नई पहल ‘क्रिएट विद मी- ऑनसेट प्रोग्राम’ को शानदार प्रतिक्रिया मिली है। इस प्रोग्राम के लिए देशभर से 5000 से ज्यादा आवेदन आए हैं। दीपिका ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर एप्लीकेशन्स के रिव्यू के अपने अनुभव को साझा किया और बताया कि पिछले कुछ महीने उनके लिए काफी मेहनत भरे लेकिन बेहद प्रेरणादायक रहे।
सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव
दीपिका पादुकोण ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि बीते तीन महीने आवेदन प्रक्रिया को देखने और बेहतरीन प्रतिभाओं को चुनने में गुजरे। उन्होंने कहा कि आवेदनों की गुणवत्ता देखकर वह और उनकी टीम हैरान रह गई।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “ये पिछले 3 महीने काफी मेहनत भरे रहे। आवेदनों की क्वालिटी देखकर मैं और मेरी टीम पूरी तरह हैरान थे। आप में से बहुत से लोगों से बात करना और आपको बेहतर तरीके से जानना बहुत अच्छा लगा। हमारे ‘क्रिएट विद मी- ऑनसेट प्रोग्राम’ के पहले ग्रुप के बारे में जानने के लिए जुड़े रहें।”
नए टैलेंट को मौका देने की पहल
यह प्रोग्राम दीपिका द्वारा उनके जन्मदिन पर शुरू की गई पहल का हिस्सा है। इसका उद्देश्य मनोरंजन जगत में आने वाले नए क्रिएटिव टैलेंट को अवसर देना और उन्हें इंडस्ट्री के पेशेवर माहौल में काम सीखने का मौका देना है।
‘ऑनसेट प्रोग्राम’ उनके ‘क्रिएट विद मी’ प्लेटफॉर्म के अंतर्गत चलाया जा रहा है, जिसका मकसद रचनात्मक सहयोग को बढ़ावा देना और नई कहानियों को सामने लाना है।
फिल्ममेकिंग के कई विभागों में मिलेगा अनुभव
इस प्रोग्राम के तहत चयनित प्रतिभागियों को फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री के कई विभागों में काम सीखने का मौका मिलेगा। इसमें राइटिंग, डायरेक्शन, कैमरा, लाइटिंग, एडिटिंग, साउंड डिजाइन, आर्ट डायरेक्शन, कॉस्ट्यूम डिजाइन, हेयर स्टाइलिंग, मेकअप और प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी।
इंडस्ट्री में लॉन्चपैड की तरह होगा काम
दीपिका के मुताबिक ‘ऑनसेट प्रोग्राम’ केवल प्रशिक्षण का मंच नहीं बल्कि एक लॉन्चपैड के रूप में तैयार किया गया है। इसमें शामिल प्रतिभागियों को अनुभवी प्रोफेशनल्स के साथ असली फिल्म सेट्स पर काम करने का मौका मिलेगा, जिससे वे भविष्य में अपने प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व करने के लिए तैयार हो सकें।
जल्द होगा पहले कोहोर्ट का एलान
महीनों तक चली स्क्रीनिंग और उम्मीदवारों से बातचीत के बाद अब आवेदन प्रक्रिया का रिव्यू पूरा हो चुका है। दीपिका पादुकोण ने संकेत दिया है कि इस प्रोग्राम के पहले ग्रुप यानी पहले ‘कोहोर्ट’ की घोषणा जल्द की जाएगी।