

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Deputy CM Arun Sao set out on a scooter in Ambikapur to inspect the sanitation system; he also met with beneficiaries of the PM Awas scheme.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज गुरुवार को अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि उन्होंने खुद स्कूटी चलाकर शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया और सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शहर की व्यवस्थाओं में सुधार लाने और लंबित विकास कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
शहर भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। केरसु तालाब में सफाई व्यवस्था में कमी पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और नियमित निगरानी के जरिए व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने सुभाष नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत निर्मित 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवास के हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने यह भी जाना कि पक्का मकान मिलने के बाद उनके जीवन में किस तरह का बदलाव आया है। हितग्राहियों ने पक्का घर मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित किए गए हैं, उनका इन आवासों में निवास सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने आवासीय परिसर में साफ-सफाई, आवश्यक नागरिक सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए और आवास मिलने के बाद उन्हें जरूरी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर पहुंचकर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर में करीब 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके उचित प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिली है।
शहर के निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्य जल्द शुरू करने तथा शहर में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलना चाहिए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

उप मुख्यमंत्री के अंबिकापुर शहर भ्रमण के दौरान महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव और नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।