

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Deputy CM Sao hits back at Opposition's allegations regarding waterlogging; says Congress cannot even stomach the relief provided to farmers.
रायपुर। प्रदेश में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि अच्छी बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है, लेकिन कांग्रेस को यह भी रास नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर जलभराव होना स्वाभाविक है, लेकिन प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत और निकासी कार्य में जुटा हुआ है तथा स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में आयोजित चिंतन शिविर में देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, नीति आयोग के प्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने अपने विचार साझा किए। शासन व्यवस्था, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और प्रशासनिक सुधारों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसका लाभ राज्य के नीति निर्धारण में मिलेगा।
अरुण साव ने बताया कि शिविर में दो दिनों तक प्राकृतिक खेती पर विस्तार से चर्चा हुई। कम लागत में बेहतर उत्पादन, रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देकर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के विषय पर भी मंथन हुआ। उन्होंने कहा कि मंत्रियों ने भी अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिसका लाभ पूरे प्रदेश को मिलेगा।
चिंतन शिविर को लेकर कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए साव ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए भ्रष्टाचार में व्यस्त रहती है और सत्ता से बाहर होने के बाद केवल आलोचना करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जनहित और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देकर काम कर रही है, जिसे कांग्रेस समझ नहीं पा रही।
जल जीवन मिशन के भुगतान में देरी को लेकर ठेकेदारों की एक दिवसीय हड़ताल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से भी भुगतान किया है। भारत सरकार की नई व्यवस्था के तहत भी भुगतान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि बड़े पैमाने पर भुगतान हो चुका है और जिन ठेकेदारों के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।
नए मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पहले यह बताए कि अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेजों का निर्माण क्यों पूरा नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2021 में शिलान्यास हुआ था, तो निर्माण कार्य समय पर पूरा क्यों नहीं हुआ।
वीबी जीरामजी योजना को लेकर कांग्रेस की आलोचना पर साव ने कहा कि कांग्रेस पहले यह स्पष्ट करे कि वह इस योजना के पक्ष में है या विरोध में। उन्होंने कहा कि यह योजना मजदूरों के हितों की रक्षा, रोजगार सृजन और पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जबकि कांग्रेस पहले इसका विरोध कर चुकी है।
आगामी विधानसभा मानसून सत्र को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तैयारी के साथ सदन में जाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के हर सवाल का तथ्यात्मक जवाब देने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से अपनी बात रखेगी।