

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Roof leaks during Corporation's special general meeting; Mayor says,
रायपुर। राजधानी रायपुर में मानसून के बीच शहर में जलभराव, सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जबकि विपक्ष ने मानसून से पहले निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े किए। इस बीच निगम मुख्यालय में ही कई जगहों पर छत से पानी टपकने की स्थिति ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल और गहरे कर दिए।
मानसून की पहली बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में जलभराव, जाम नालों, खराब सफाई व्यवस्था और क्षतिग्रस्त सड़कों की शिकायतें सामने आई हैं। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए बुलाई गई विशेष सामान्य सभा में नालों की सफाई, सड़क मरम्मत, जल निकासी और बारिश के दौरान नागरिकों को होने वाली परेशानियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान महापौर ने कहा कि विशेष सामान्य सभा का उद्देश्य राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि शहर में मानसून से जुड़ी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान तलाशना है। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और सुझाव रखने का आग्रह किया, ताकि नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
सामान्य सभा शुरू होने से पहले कांग्रेस पार्षदों ने शहर में पानी की समस्या को लेकर मटका और बाल्टी के साथ निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं, प्लेसमेंट कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों को लेकर निगम मुख्यालय का घेराव किया, जिससे बैठक शुरू होने से पहले ही माहौल राजनीतिक रूप से गर्म रहा।
पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने विशेष सामान्य सभा बुलाने के औचित्य पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जलभराव, सफाई व्यवस्था और नालों की सफाई नगर निगम की नियमित जिम्मेदारियां हैं। उनके मुताबिक, विशेष सामान्य सभा आमतौर पर किसी महत्वपूर्ण नीति निर्णय, आपात स्थिति या अत्यंत आवश्यक विषय पर बुलाई जाती है, ऐसे में इन नियमित मुद्दों पर विशेष बैठक बुलाना निगम की तैयारियों पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
इससे पहले 27 अप्रैल को हुई विशेष सामान्य सभा में महिला सशक्तिकरण अभियान को लेकर चर्चा हुई थी। वहीं, 9 अप्रैल की सामान्य सभा में सिटी कोतवाली चौक का नाम बदलकर "जैन स्तंभ" करने के प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और हंगामा देखने को मिला था।