

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ऊर्जाधानी कोरबा से मानवता को शर्मसार करने वाली एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ गैंगरेप की घिनौनी घटना को अंजाम दिया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस वारदात का मुख्य आरोपी पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 का वाहन चालक है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 8 जनवरी की रात की है। डायल 112 के चालक ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। आरोपियों ने युवती को SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के एक खाली मकान में बंधक बनाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी युवती को बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए।
पीड़िता ने किसी तरह अपने घर पहुँचकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी (डायल 112 का ड्राइवर) समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। पीड़िता को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विमल पाठक, सीएसपी, दर्री ने बताया “बांकीमोंगरा थाने में गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है। 8 जनवरी की रात हुई इस घटना में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें डायल 112 का एक संविदा चालक भी शामिल है। अन्य तीन की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।”