

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Diwali gift for IAS-IPS officers in Chhattisgarh: 3% hike in dearness allowance
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कार्यरत IAS, IPS और अन्य अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य शासन ने अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद अब अधिकारियों को 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। इस संबंध में शासन की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा। खास बात यह है कि अधिकारियों को जुलाई से अब तक की बकाया राशि यानी एरियर का भुगतान भी नकद किया जाएगा। इससे अधिकारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ जुलाई महीने से ही मिलेगा।
केंद्र सरकार के फैसले के बाद बढ़ा DA
दरअसल, केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की थी। इसके बाद अखिल भारतीय सेवाओं के महंगाई भत्ता नियम, 1972 के प्रावधानों के तहत यह बढ़ी हुई दर छत्तीसगढ़ में पदस्थ अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों पर भी लागू हो गई है।
अधिक भुगतान होने पर होगी वसूली
शासन के आदेश में भुगतान को लेकर कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए हैं। यदि किसी अधिकारी को निर्धारित दर से अधिक महंगाई भत्ते का भुगतान हो जाता है, तो अतिरिक्त राशि संबंधित अधिकारी से वसूल की जाएगी।
वहीं, एरियर का भुगतान उसी कार्यालय से किया जाएगा, जहां से संबंधित अवधि के दौरान अधिकारी का वेतन आहरित किया गया था। इसके लिए संबंधित कार्यालयों को वेतन पर्चियों में आवश्यक संशोधन करने और बढ़ी हुई दर के अनुसार महंगाई भत्ते का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले किए गए भुगतान का होगा समायोजन
आदेश के अनुसार, पहले से भुगतान की गई महंगाई भत्ते की राशि का भी नए नियमों के तहत समायोजन किया जाएगा। इस फैसले से छत्तीसगढ़ में पदस्थ IAS, IPS सहित अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

