

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Kanker News: Major success for security forces in Kanker; Naxalite dump discovered, weapons and explosive materials seized.
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का डम्प बरामद किया है। डम्प से हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री मिली है। इस कार्रवाई से नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को जिला बल, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की संयुक्त टीम ने कोयलीबेड़ा क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान ग्राम मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों का डम्प मिला। सुरक्षा बलों ने मौके से एक भरमार बंदूक, करीब एक किलो संदिग्ध आईईडी मैकेनिज्म, लगभग एक किलो गन पाउडर, दो डेटोनेटर और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की।
बरामद सामग्री में शामिल आईईडी और अन्य विस्फोटक पदार्थों को सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। बीडीएस टीम ने आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया अपनाते हुए विस्फोटक सामग्री को निष्क्रिय किया, ताकि आसपास के क्षेत्र में किसी तरह का खतरा न रहे।
यह संयुक्त अभियान बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और बीएसएफ की 40वीं वाहिनी के प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान में जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस के जवान शामिल रहे।
कांकेर पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।