

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Following the end of Naxalism, development has gained momentum in Kanker; 24 major bridges have been constructed at a cost of ₹174 crore, while 19 more are under construction.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर संभाग के दूरस्थ और नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। खासकर सड़क और पुल निर्माण के जरिए दुर्गम क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में आकांक्षी जिला कांकेर में लोक निर्माण विभाग द्वारा वृहद पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं, 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 पुलों का निर्माण जारी है और 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को मंजूरी दी गई है।
लोक निर्माण विभाग और कांकेर जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जिले के सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है। कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़, मेढ़की नदी में 12 करोड़ और महला नदी में 6.50 करोड़ रुपये की लागत से पुलों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा भैंसगांव से आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी में 9.86 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल बनाया गया है। इन पुलों के निर्माण से लगभग 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय तक सालभर आवागमन की सुविधा मिली है।
कांकेर जिले में नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद पुल निर्माण कार्यों में और तेजी आई है। पिछले कुछ महीनों में ही 61 करोड़ रुपये की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7.46 करोड़, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4.58 करोड़, टुरी नदी पर 4.50 करोड़ और कापसी (पी.वी.-130)-पखांजूर मार्ग पर त्रास नाला में 6.57 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल शामिल हैं।
इन पुलों से जिले के 80 गांवों की करीब 56 हजार आबादी को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिली है। इससे ग्रामीणों के लिए उच्च शिक्षा, व्यापार, उन्नत कृषि, पर्यटन, स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकारी योजनाओं तक पहुंच आसान हुई है।
नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त हुए कांकेर और नारायणपुर के सुदूर इलाकों में अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए भी महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण किया जा रहा है। मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ और ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जा रहे हैं।
इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण तेजी से जारी है। इन पुलों के तैयार होने से दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय आवागमन भी सुगम हो सकेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने के लिए राज्य शासन ने 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को मंजूरी दी है। इनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसके साथ ही 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इनका काम जल्द शुरू किया जाएगा।
स्वीकृत पुलों में राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5.50 करोड़, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ और हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जाएंगे।
कांकेर जिले में पुलों का निर्माण केवल आवागमन की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे दूरस्थ गांवों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का रास्ता भी खुल रहा है। नक्सलवाद के बाद सुरक्षा के साथ विकास कार्यों में आई तेजी से बस्तर संभाग के दुर्गम इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहा है।