

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Drive against underage drivers to be launched soon in Raipur; RTO sends letters to schools.
रायपुर। राजधानी रायपुर में नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग जल्द ही विशेष अभियान शुरू करने की तैयारी में है। अभियान शुरू होने से पहले आरटीओ रायपुर ने शहर के सभी स्कूलों को पत्र भेजकर नाबालिग छात्र-छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाने से रोकने के निर्देश दिए हैं।
आरटीओ के अनुसार, 18 वर्ष से कम उम्र के कई छात्र बिना ड्राइविंग लाइसेंस के दोपहिया वाहनों से स्कूल आना-जाना करते हैं। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
परिवहन विभाग ने स्कूल प्रबंधन से कहा है कि वे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को नाबालिगों को वाहन नहीं देने के लिए जागरूक करें। साथ ही स्कूल परिसर और आसपास यातायात नियमों के पालन को लेकर आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
आरटीओ का कहना है कि कम उम्र में बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले बच्चे स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डालते हैं। तेज रफ्तार, यातायात नियमों की जानकारी का अभाव और वाहन चलाने का पर्याप्त अनुभव नहीं होने के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्कूलों को पत्र भेजने के बाद अब परिवहन विभाग नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। अभियान के दौरान स्कूलों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर नाबालिगों के वाहन चलाने की जांच की जा सकती है।
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें और उनकी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।