

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ED raids 20 locations of Dawood Ibrahim's close associate, drug trafficker Salim Dola; investigation into money laundering and drug syndicate intensified
मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम के करीबी माने जाने वाले ड्रग तस्कर सलीम इस्माइल डोला और उसके सहयोगियों के 20 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई मुंबई और गुजरात के विभिन्न स्थानों पर की गई।
तुर्किये से प्रत्यर्पण के बाद बढ़ी जांच
ED के अनुसार हाल ही में तुर्किये से भारत लाए गए मोहम्मद सलीम डोला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की जांच के तहत यह छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि डोला लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रहा है।
दाऊद इब्राहीम नेटवर्क से जुड़े तार
जांच में सामने आया है कि सलीम डोला के संबंध अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम के नेटवर्क से रहे हैं। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रग तस्करी से अर्जित धन का इस्तेमाल किन-किन अवैध गतिविधियों में किया गया।
ED के रडार पर सप्लायर से लेकर हवाला ऑपरेटर तक
छापेमारी के दायरे में ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों के सप्लायर, कारोबार से जुड़े बिचौलिए, सिंथेटिक ड्रग मेफेड्रोन (एमडी) के निर्माता और तस्कर, हवाला ऑपरेटर तथा ड्रग्स की कमाई से खरीदी गई बेनामी संपत्तियों से जुड़े लोग शामिल हैं।
हजारों करोड़ के ड्रग कारोबार की जांच
प्रवर्तन निदेशालय का दावा है कि यह नेटवर्क कई देशों तक फैला हुआ था और हजारों करोड़ रुपये के अवैध ड्रग कारोबार से जुड़ा है। मामले की जांच प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत की जा रही है।
हवाला के जरिए छिपाया जाता था काला धन
जांच के दौरान एजेंसियों को एक संगठित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क के सबूत मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराध से अर्जित धन को हवाला चैनलों के माध्यम से विभिन्न देशों और शहरों में भेजा जाता था, ताकि उसकी वास्तविक पहचान और स्रोत छिपाए जा सकें।
दस्तावेज और डिजिटल सबूत खंगाल रही ED
छापेमारी के दौरान ED की टीम वित्तीय रिकॉर्ड, बैंकिंग दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा रही है। एजेंसी को उम्मीद है कि इन सबूतों से ड्रग्स और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की पूरी संरचना का खुलासा हो सकेगा।