

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Arshad Warsi teams up with Rajkumar Hirani for the third time; says,
मुंबई। बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक राजकुमार हिरानी अपनी पहली ओटीटी सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ के साथ डिजिटल दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। क्राइम-कॉमेडी और मिस्ट्री से भरपूर इस बहुप्रतीक्षित सीरीज का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी बीच अभिनेता अरशद वारसी ने निर्देशक राजकुमार हिरानी के साथ अपने लंबे पेशेवर रिश्ते और इस नए प्रोजेक्ट को लेकर खुलकर बात की है।
सीरीज के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अरशद वारसी ने कहा कि राजकुमार हिरानी के साथ काम करना हर अभिनेता के लिए एक विशेष अनुभव होता है। उन्होंने बताया कि यह तीसरी बार है जब उन्हें हिरानी के साथ काम करने का अवसर मिला है और वह खुद को इसके लिए बेहद भाग्यशाली मानते हैं।
अरशद ने कहा, “मुझे लगता है कि जिन कलाकारों को राजू सर के साथ काम करने का मौका मिलता है, वे वास्तव में खुशनसीब होते हैं। मुझे उनके साथ दो बार काम करने का मौका मिला और यह तीसरी बार है। मुझे लगता है कि एक अभिनेता के तौर पर उन्हें मुझ पर भरोसा है। वे मुझे अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का अवसर देते हैं, जो मुझे बेहद पसंद है। मैं भविष्य में भी उनके साथ और काम करने का इंतजार कर रहा हूं।”
‘प्रीतम एंड पेड्रो’ के जरिए राजकुमार हिरानी पहली बार स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की दुनिया में कदम रख रहे हैं। इस सीरीज की एक और खास बात यह है कि इसके जरिए उनके बेटे वीर हिरानी भी अभिनय की दुनिया में अपना डेब्यू कर रहे हैं।
सीरीज का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है, जबकि इसे राजकुमार हिरानी ने क्रिएट और प्रोड्यूस किया है। शो में अरशद वारसी के अलावा विक्रांत मैसी, बोमन ईरानी, मोना सिंह समेत कई दमदार कलाकार नजर आएंगे।
गोवा की खूबसूरत पृष्ठभूमि पर आधारित ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ दो बिल्कुल अलग स्वभाव के किरदारों की कहानी है। पेड्रो एक अनुभवी और पारंपरिक पुलिस अधिकारी है, जो अपने अनुभव और अंतर्ज्ञान पर भरोसा करता है। वहीं प्रीतम एक युवा और तकनीक-प्रेमी विशेषज्ञ है, जो आधुनिक तरीकों से मामलों को सुलझाने में विश्वास रखता है।
दोनों एक ऐसे रहस्यमयी मामले में उलझ जाते हैं, जो धीरे-धीरे साइबर क्राइम, रहस्यों और अप्रत्याशित घटनाओं की जटिल दुनिया में बदल जाता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ कई राज खुलते हैं और दोनों की समझ, भरोसे और रिश्तों की परीक्षा होती है।
कॉमेडी, थ्रिल और रहस्य का दिलचस्प मेल पेश करने वाली ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ 3 जुलाई से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। ट्रेलर को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद दर्शकों के बीच इस सीरीज को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।