

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: 'Lakshya' completes 22 years; Hrithik Roshan's inspiring journey remains alive in the hearts of the audience.
मुंबई। भारतीय सिनेमा की सबसे प्रेरणादायक फिल्मों में शुमार 'लक्ष्य' ने अपनी रिलीज के 22 वर्ष पूरे कर लिए हैं। फरहान अख्तर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने आत्मविश्वास, संघर्ष और जीवन के उद्देश्य को खोजने की कहानी के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। इस खास मौके पर फिल्म के निर्माता एक्सेल एंटरटेनमेंट ने सोशल मीडिया पर एक यादगार वीडियो साझा कर फिल्म की विरासत का जश्न मनाया।
एक्सेल एंटरटेनमेंट ने फिल्म की एक विशेष क्लिप पोस्ट करते हुए लिखा, "हर एक रुकावट उसे उसके लक्ष्य के और करीब लेकर आई। #22YearsOfLakshya"। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी यादें ताजा हो गईं और प्रशंसकों ने अपने पसंदीदा दृश्यों और गीतों को साझा करना शुरू कर दिया।
साल 2004 में रिलीज हुई 'लक्ष्य' में ऋतिक रोशन ने करण शेरगिल का किरदार निभाया था, जो शुरुआत में अपने भविष्य को लेकर असमंजस में रहता है, लेकिन बाद में भारतीय सेना में शामिल होकर एक साहसी अधिकारी बनता है। फिल्म में प्रीति जिंटा ने एक महत्वाकांक्षी पत्रकार की भूमिका निभाई थी, जो कारगिल युद्ध के दौरान फ्रंटलाइन से रिपोर्टिंग करती नजर आती हैं।
फिल्म में ऋतिक रोशन और प्रीति जिंटा के अलावा अमिताभ बच्चन, बोमन ईरानी, ओम पुरी और सुशांत सिंह जैसे कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। वहीं शंकर-एहसान-लॉय का संगीत और जावेद अख्तर के गीत आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। फिल्म का टाइटल ट्रैक और "कंधों से मिलते हैं कंधे" जैसे गीत आज भी प्रेरणा का स्रोत माने जाते हैं।
समय के साथ बनी कल्ट क्लासिक
रिलीज के समय भले ही फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर औसत सफलता मिली हो, लेकिन वर्षों के साथ 'लक्ष्य' ने एक कल्ट क्लासिक का दर्जा हासिल कर लिया। युवाओं के लिए यह फिल्म आज भी आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देती है।