

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Rajamouli's special surprise for Priyanka Chopra's birthday; shares a new poster from 'Varanasi'.
मुंबई। निर्देशक एस.एस. राजामौली ने अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस के जन्मदिन पर अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' से उनका नया पोस्टर और एक खास बिहाइंड-द-सीन्स (BTS) फोटो साझा कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया। सोशल मीडिया पर शेयर की गई इस झलक ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया पर प्रियंका को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "TEAM #Varanasi अपनी 'मंदाकिनी' यानी @priyankachopra को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। आपकी जिंदगी में आगे भी ऐसे ही नए-नए एडवेंचर आते रहें।" पोस्ट के साथ प्रियंका का नया पोस्टर और सेट की एक अनदेखी तस्वीर भी साझा की गई।
निर्देशक एस.एस. राजामौली ने भी प्रियंका के लिए एक खास संदेश लिखा। उन्होंने कहा, "जब वो मुस्कुराती हैं, तो सिर्फ नज़ाकत नजर आती है। जब नहीं मुस्कुरातीं, तो सिर्फ आग नजर आती है। #Varanasi की मंदाकिनी..." राजामौली की इस पोस्ट को फैंस सोशल मीडिया पर खूब पसंद कर रहे हैं।
फिल्म में प्रियंका चोपड़ा 'मंदाकिनी' का दमदार किरदार निभा रही हैं। उनके पहले लुक ने पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा बटोर ली थी। अब नए पोस्टर के सामने आने के बाद फैंस उनकी भूमिका को लेकर और अधिक उत्साहित हैं। महेश बाबू के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री देखने का इंतजार भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
'वाराणसी' में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इससे पहले महेश बाबू का 'रुद्र', पृथ्वीराज का 'कुंभा' और प्रियंका का 'मंदाकिनी' लुक सामने आ चुका है, जिन्हें दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला।
'बाहुबली' और 'आरआरआर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद एस.एस. राजामौली की यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं में शामिल है। भव्य पैमाने पर बन रही 'वाराणसी' 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।