

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: ‘The Revolutionaries’ to evoke the ‘Harry Potter’ gang vibe; Pratibha Ranta reveals the show’s connection.
मुंबई। प्राइम वीडियो की अपकमिंग ओरिजिनल सीरीज़ ‘द रेवोल्यूशनरीज’ अपनी कहानी और युवा किरदारों को लेकर चर्चा में है। शो में अहम भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री प्रतिभा रांटा ने सीरीज़ की तुलना मशहूर ‘हैरी पॉटर’ फ्रेंचाइजी के हैरी, हर्माइनी और रॉन की तिकड़ी से की है। उनका कहना है कि दर्शकों को यह सीरीज़ इतिहास की क्लास की तरह नहीं, बल्कि दोस्ती, खोज और रोमांच से भरे सफर की तरह महसूस होनी चाहिए।
प्रतिभा रांटा ने शो के आधुनिक ट्रीटमेंट पर बात करते हुए कहा कि इतिहास पर आधारित कहानियां अक्सर दर्शकों को हिस्ट्री क्लास जैसा अनुभव कराने लगती हैं, लेकिन ‘द रेवोल्यूशनरीज’ में ऐसा नहीं है। उनके मुताबिक शो में युवा क्रांतिकारियों की यात्रा को रोमांचक और मनोरंजक तरीके से पेश किया गया है।
उन्होंने कहा कि उन्हें शो के किरदारों में ‘हैरी पॉटर’ के हैरी, हर्माइनी और रॉन जैसी फीलिंग नजर आती है। जिस तरह ये तीनों किसी जिगसॉ पज़ल को सुलझाने की कोशिश करते थे, उसी तरह सीरीज़ के क्रांतिकारी भी एक बड़े संघर्ष और खोज के सफर पर आगे बढ़ते दिखाई देंगे।
अभिनेत्री ने कहा कि उनकी इच्छा है कि दर्शक शो को एंजॉय करने के साथ-साथ देश के इतिहास के बारे में भी जानें, लेकिन उन्हें ऐसा बिल्कुल महसूस न हो कि वे कोई इतिहास का पाठ पढ़ रहे हैं। उनके अनुसार, ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ क्रांतिकारियों की लड़ाई को एक दिलचस्प यात्रा के रूप में पेश किया गया है।
प्रतिभा ने यह भी बताया कि निर्देशक निखिल आडवाणी ने शो के अप्रोच और किरदारों को जानबूझकर कंटेम्पररी रखा है, ताकि कहानी आज के दर्शकों से आसानी से जुड़ सके।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह पीरियड ड्रामा भारत की आजादी की लड़ाई के बैकड्रॉप पर आधारित है। सीरीज़ को निखिल आडवाणी ने क्रिएट और डायरेक्ट किया है। इसका निर्माण मोनिशा आडवाणी और मधु भोजवानी ने एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है।
‘द रेवोल्यूशनरीज’ की कहानी संजीव सान्याल की किताब ‘Revolutionaries: The Other Story of How India Won Its Freedom’ पर आधारित है।
सीरीज़ में भुवन बम, रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरजादा लीड रोल में नजर आएंगे। इनके अलावा जेसन शाह, पाओली दाम और तोता रॉय चौधरी भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘द रेवोल्यूशनरीज’ का प्रीमियर 11 सितंबर को सिर्फ प्राइम वीडियो पर होगा।