

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Expensive taste for partying and outings turned B.Tech students into chain snatchers.
महंगे शौक, पार्टी और घूमने-फिरने के लिए पैसे जुटाने के लिए बीटेक की पढ़ाई कर रहे युवक-युवती चेन स्नैचर बन गए। दोनों सुबह टहलने के लिए निकलने वाली बुजुर्ग महिलाओं की एक-दो दिन तक रेकी करते थे, फिर मौका मिलते ही उनका चेन झपट लेते थे। सुपेला पुलिस ने 23 वर्षीय बीटेक छात्र विक्की नायक और 20 वर्षीय छात्रा तरुणा सिन्हा को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा की गई जांच में तीन से अधिक वारदातों में इनकी संलिप्तता सामने आई है।
आपको बता दें, कि 20 सितंबर की सुबह भिलाई के विद्या विहार कॉलोनी की 62 वर्षीय गीता देवी शिवाजी पार्क के पास फूल तोड़ रही थी। विक्की बाइक दूर खड़ी कर उनके पास पहुंचा। प्रदीप मिश्रा नामक व्यक्ति का घर पूछने के बहाने उनसे बात करनी शुरू की और मौका मिलते ही करीब 1.5 तोला वजनी सोने का चेन झपटकर भाग गया। इस चेन की कीमत 70 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने बताया, कि विक्की के साथ तरुणा नामक छात्रा भी वारदात में सीधे शामिल रहती थी। वह स्कूटी चलाती और विक्की बुजुर्ग महिलाओं के गले से चेन झपटता था। पहचान छिपाने के लिए दोनों गमछा, स्कार्फ और हेलमेट का इस्तेमाल करते थे। वारदात के बाद कुछ दिन तक वे शान्त रहते और फिर दूसरे इलाके में नया टारगेट तलाशते थे। छीनी गई चेन को ये लोकल सोनार को बेचकर रकम को आपस में बांट लेते थे।
आपको बता दें, कि पिछले महीने 31 जुलाई को भी भिलाई के प्रियदर्शनी परिसर ईस्ट में पानपानी देवी नामक महिला सुबह 6.30 बजे अपने घर के सामने टहल रही थी। तभी स्कूटी पर पहुंचे दो लोगों ने उनसे करीब 70 हजार रुपए की सोने की चेन झपट ली थी। इस वारदात में स्कूटी चालक ने अपना चेहरा ढक रखा था और पीछे बैठा आरोपी हेलमेट पहने हुए था। पुलिस अब दोनों गिरफ्तार छात्र-छात्रा से दूसरी वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।