

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Fireworks Factory Blast: Massive fire at firecracker warehouse in Thrissur, 13 Died, over 40 injured
त्रिशूर। केरल के त्रिशूर जिले के मुंदाथिकोड इलाके में मंगलवार दोपहर एक पटाखा भंडार गृह में भीषण आग लगने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
त्रिशूर पूरम के लिए जमा किए गए थे पटाखे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मशहूर त्रिशूर पूरम उत्सव के लिए बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था। यह सामग्री 10 से 15 अस्थायी झोपड़ियों में रखी गई थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अचानक आग लग गई, जिसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
विस्फोट इतना तेज कि शरीर के अंग बिखरे
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आसपास का इलाका हिल गया। धमाके के बाद कई जगहों पर शरीर के अंग बिखरे पाए गए। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दो घंटे बाद भी बड़े-बड़े आग के गोले उठते देखे गए।
बचाव कार्य में आई भारी मुश्किलें
पुलिस और दमकल विभाग की टीमों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आग की भयावहता को देखते हुए रोबोटिक फायर ब्रिगेड उपकरणों की मदद ली गई। आशंका जताई जा रही है कि लाइसेंस धारक मुंदाथिकोड सतीसन भी इस हादसे की चपेट में आ गए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित राहत के निर्देश
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने गंभीर रूप से झुलसे लोगों के लिए विशेष उपचार की व्यवस्था करने और जरूरत पड़ने पर राज्य के बाहर से विशेषज्ञ डॉक्टर बुलाने की बात कही। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
जांच जारी, कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।