

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-multiple-road-accidents-eight-dead-many-injured
छत्तीसगढ़ में एक ही दिन के भीतर अलग-अलग जिलों में हुए दर्दनाक सड़क हादसों ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। बस्तर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, दुर्ग और रायपुर जिलों में हुए इन हादसों में दस लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कई मामलों में तेज रफ्तार, शराब के नशे में वाहन चलाना, लापरवाही और सड़क किनारे खड़े वाहनों पर सुरक्षा संकेतकों का अभाव हादसों की बड़ी वजह बनकर सामने आया है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
बस्तर में पिकअप की टक्कर से दो की मौत
बस्तर जिले के किलेपाल स्थित बड़े हाई स्कूल के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पलट गया और उसके नीचे दबकर बामन मंडावी (29) और झिलू मंडावी (40) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक हार्डवेयर सामान लेने गांव से आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर बिना किसी रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेतक के खड़ा था।
इसी जिले में सोमवार सुबह केशलूर मार्ग पर कार की टक्कर से पालानार निवासी 30 वर्षीय कैलाश यादव की भी मौत हो गई। यातायात डीएसपी संतोष जैन ने बताया कि सड़क हादसों में ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाना और बिना संकेतक के खड़े वाहन बड़ी समस्या बन चुके हैं।
बलरामपुर में बारात ले जा रही पिकअप पेड़ से टकराई
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के अजगरा नाला के पास बारात लेकर जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। वाहन में छह लोग सवार थे। हादसे में सूरजपुर निवासी राजेंद्र गोड़ की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जीवनलाल पंडो ने अंबिकापुर रेफर किए जाने के बाद दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मरवाही में नशे में धुत बाइक चालक ने ली दो जान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम गनया में सोमवार रात शराब के नशे में तेज रफ्तार बाइक चला रहे दुर्गेश यादव (18) ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर सोनू चंद्रा की मौके पर मौत हो गई। चार अन्य युवक घायल हुए। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक दुर्गेश यादव की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक चालक शराब के नशे में था और बाइक बहुत तेज गति से चला रहा था।
सरगुजा में ट्रक-बाइक भिड़ंत में युवक की मौत
सरगुजा जिले के कटनी-गुमला नेशनल हाईवे पर ग्राम सरईपारा के पास मंगलवार सुबह ट्रक और बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। जशपुर जिले के ग्राम लुईग निवासी मुनेश्वर प्रधान (44) बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही मालवाहक ट्रक से टकरा गए। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
दुर्ग में बेटे की लापरवाही से मां की जान गई
भिलाई के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में बेटे की लापरवाही से बाइक पर पीछे बैठी मां की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सनत्रीन बाई टंडन (57) अपने बेटे अनिल कुमार टंडन के साथ शादी समारोह में जा रही थीं। डोंगरिया के पास तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित हो गई और हादसे में महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बेटे के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
रायपुर में ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला
रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में देर रात सरीखेड़ी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार गोलू यादव और राजू यादव को टक्कर मार दी। दोनों युवक काम खत्म कर घर लौट रहे थे। हादसे में गोलू की अस्पताल में मौत हो गई जबकि गंभीर घायल राजू ने रास्ते में दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। विरोध बढ़ने पर संबंधित परिवहन कंपनी ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।