

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

First glimpse of Sai Pallavi as Sita draws attention
रणबीर कपूर के राम और साई पल्लवी की सीता का दिखेगा दिव्य रूप, मेकर्स ने जारी किया एक्ट्रेस का कैरेक्टर प्रोमो
बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने साई पल्लवी के किरदार माता सीता का कैरेक्टर प्रोमो जारी किया है। इसमें साई पल्लवी को सीता के रूप में दिखाया गया है। प्रोमो में उनके किरदार की गरिमा, भक्ति, प्रेम और आंतरिक शक्ति की झलक देखने को मिल रही है।
प्रोमो में मिथिला की राजकुमारी सीता के जीवन के अलग-अलग पहलुओं को खूबसूरत अंदाज में पेश किया गया है। इसमें मिथिला की शाही पृष्ठभूमि से लेकर धरती से उनके जुड़ाव और भगवान राम के साथ उनके रिश्ते तक की झलक दिखाई गई है। अलग-अलग दृश्यों में साई पल्लवी सीता के रूप में नजर आ रही हैं।
मेकर्स ने इस प्रोमो को ‘धरती की बेटी, मिथिला की राजकुमारी’ और ‘प्रेम के बंधन में बंधी, धर्म के रास्ते पर चलने वाली’ जैसे शब्दों के साथ पेश किया है। इन पंक्तियों के जरिए माता सीता के व्यक्तित्व, उनके संस्कार और उनके दृढ़ चरित्र को दर्शाने की कोशिश की गई है।
रणबीर कपूर बनेंगे भगवान राम, यश निभाएंगे रावण का किरदार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुकी कंपनी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। फिल्म को भव्य स्तर पर तैयार किया जा रहा है।
दो पार्ट में रिलीज होगी ‘रामायणम्’
‘रामायणम्’ को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज होगा।
फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी। इसे IMAX फॉर्मेट में भी दर्शकों के लिए पेश किया जाएगा। फिल्म के अंतरराष्ट्रीय वितरण की जिम्मेदारी सोनी पिक्चर्स संभालेगी, जबकि भारत के हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस वितरक होगा। फिल्म के गाने T-Series के लेबल के तहत रिलीज किए जाएंगे।
साई पल्लवी के सीता अवतार की झलक सामने आने के बाद अब दर्शकों को फिल्म के अगले प्रोमो और बड़े पर्दे पर रामायण की इस भव्य प्रस्तुति का इंतजार है।