

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

From dance clubs to billboards, the song 'Tu Mil Jaye' from Shah Rukh Khan's film 'King' has taken over, becoming the biggest musical hit of the year.
मुंबई। शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' का गाना 'तू मिल जाए' इन दिनों हर तरफ धूम मचा रहा है। रिलीज के कुछ ही हफ्तों में इस गाने ने लोगों के दिलों में खास जगह बना ली है। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब इसकी सफलता के जश्न में अलग-अलग जगहों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं। नाइट क्लब, डांस फ्लोर, पार्टियों और सोशल मीडिया पर भी इस गाने का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।
'तू मिल जाए' का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। रिलीज के कई हफ्तों बाद भी लोग इस गाने पर डांस कर रहे हैं और अपने अंदाज में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। इतना ही नहीं, गाने को लेकर एआई वीडियो भी बनाए जा रहे हैं। हर गुजरते सप्ताह के साथ इसकी लोकप्रियता में इजाफा हो रहा है। यही वजह है कि यह गाना अब सिर्फ एक म्यूजिक ट्रैक नहीं, बल्कि लोगों के बीच एक बड़े ट्रेंड के रूप में उभर चुका है।
गाने की लोकप्रियता सिर्फ लोगों के उत्साह तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके आंकड़े भी इसकी सफलता की कहानी बयां कर रहे हैं। 'तू मिल जाए' को यूट्यूब समेत विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 10 करोड़ से ज्यादा बार देखा और सुना जा चुका है। सिर्फ यूट्यूब म्यूजिक पर ही इसे 10 करोड़ से अधिक बार सुना गया है। यह दुनिया के सबसे तेजी से 10 करोड़ बार सुने जाने वाले गानों में भी अपनी जगह बना चुका है।
'तू मिल जाए' ने अलग-अलग म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। यह लगातार दो हफ्तों तक ऑरमैक्स हार्टबीट्स की सबसे लोकप्रिय गानों की सूची में पहले स्थान पर रहा। वहीं, जियोसावन की लोकप्रिय गानों की सूची में भी इसने नंबर वन की पोजीशन हासिल की। स्पॉटिफाई पर भी यह लगातार दो हफ्तों तक पहले नंबर पर बना रहा। इसके अलावा, यूट्यूब की वैश्विक लोकप्रिय गानों की साप्ताहिक सूची में भी यह टॉप-10 में शामिल रहा।
इस गाने का क्रेज भारत तक ही सीमित नहीं है। यूट्यूब पर यह 12 देशों में लोकप्रिय हुआ है। इंस्टाग्राम पर अब तक इस गाने पर 2.83 लाख से ज्यादा रील्स बनाई जा चुकी हैं। रिलीज के पहले ही सप्ताह में यह एयरचेक रेडियो चार्ट्स में तीसरे स्थान पर पहुंच गया था। वहीं, एप्पल म्यूजिक की भारत की टॉप-100 गानों की सूची में सातवें और यूट्यूब के लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो की सूची में चौथे स्थान पर रहा।
एक गाने से शुरू हुआ यह सफर अब बड़े म्यूजिक ट्रेंड में बदल चुका है। डांस क्लब, पार्टियों, होर्डिंग्स और सोशल मीडिया पर 'तू मिल जाए' की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इस बीच शाहरुख खान के प्रशंसकों को उनकी आगामी फिल्म 'किंग' का बेसब्री से इंतजार है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।