

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Shah Rukh Khan shines in Variety’s list of the 100 Greatest Movie Stars, becoming the only Indian actor to feature.
मुंबई। बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म सितारों में शामिल शाहरुख खान ने Variety की ‘All Time 100 Greatest Movie Stars’ लिस्ट में अपनी जगह बनाई है। 18 नवंबर को जारी हुई इस खास सूची में शाहरुख खान 92वें स्थान पर हैं। खास बात यह है कि इस लिस्ट में जगह बनाने वाले वह इकलौते भारतीय अभिनेता हैं।
Variety की इस प्रतिष्ठित सूची में शाहरुख खान को 92वां स्थान दिया गया है। इसके साथ ही उनके शानदार फिल्मी करियर की एक ऐसी फिल्म को भी चुना गया है, जिसे हर किसी को जरूर देखना चाहिए। यह फिल्म संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी ‘देवदास’ है। इस फिल्म में शाहरुख खान के अभिनय और उनके किरदार को खास पहचान मिली थी। ऐसे में इस उपलब्धि ने उनके करियर में एक और यादगार मुकाम जोड़ दिया है।
इस लिस्ट में अलग-अलग दौर और फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज कलाकारों को शामिल किया गया है। इसमें साइलेंट सिनेमा के मशहूर सितारों से लेकर मौजूदा दौर के लोकप्रिय कलाकार जेंडाया और टिमोथी शैलामे तक के नाम शामिल हैं। शाहरुख खान इस सूची में शामिल होने वाले इकलौते भारतीय सितारे हैं। वहीं, एशिया के दो अन्य दिग्गज कलाकारों को भी इसमें जगह मिली है। जापानी अभिनेता तोशिरो मिफुने को 9वां और मार्शल आर्ट्स के दिग्गज ब्रूस ली को 53वां स्थान मिला है।
Variety की इस खास सूची को उसके फिल्म क्रिटिक्स द्वारा तैयार किया जाता है। इसमें कलाकारों की लोकप्रियता या बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को ही सफलता का पैमाना नहीं माना जाता। बल्कि बड़े पर्दे पर उनकी मौजूदगी, अभिनय क्षमता, सिनेमा में योगदान और उनके सांस्कृतिक प्रभाव को ध्यान में रखकर रैंकिंग तय की जाती है।
शाहरुख खान का दुनिया के 100 महानतम मूवी स्टार्स की सूची में शामिल होना भारतीय सिनेमा के लिए भी गौरव की बात है। अपने दशकों लंबे करियर में उन्होंने रोमांस से लेकर एक्शन और गंभीर भूमिकाओं तक कई यादगार किरदार निभाए हैं। Variety की इस सूची में उनकी मौजूदगी एक बार फिर साबित करती है कि उनका प्रभाव केवल बॉलीवुड तक सीमित नहीं, बल्कि वैश्विक सिनेमा में भी उनकी खास पहचान है।