

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Gala premiere of ‘Panchayat 5’ in Goa; Phulera-style charm wins over the audience at IFFI
गोवा। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के प्रशंसकों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। सीरीज के पांचवें सीजन का गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में गाला प्रीमियर किया गया। इस दौरान ‘पंचायत 5’ के पहले एपिसोड की विशेष स्क्रीनिंग हुई, जिसे देखने के बाद ऑडिटोरियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ अपनी खुशी जाहिर की। फुलेरा गांव के किरदारों और उनकी सादगी ने एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्राइम वीडियो की ओर से आयोजित इस खास कार्यक्रम में सीरीज के पांचवें सीजन की पहली झलक दर्शकों के सामने पेश की गई। स्क्रीनिंग के बाद सीरीज के क्रिएटर्स, कलाकारों और प्राइम वीडियो व द वायरल फीवर (TVF) के प्रतिनिधियों ने दर्शकों से बातचीत की। इस दौरान सीरीज के अब तक के सफर, किरदारों की लोकप्रियता और फुलेरा गांव में आने वाले नए बदलावों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में प्राइम वीडियो इंडिया के SVOD कंटेंट एक्विजिशन डायरेक्टर एवं हेड मनीष मेंघानी, TVF के प्रेसिडेंट विजय कोशी, को-क्रिएटर और निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा, लेखक चंदन कुमार, निर्माता अरुणाभ कुमार सहित अभिनेत्री नीना गुप्ता और अभिनेता फैसल मलिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NFDC) के जनरल मैनेजर (प्रोडक्शन एंड डिस्ट्रीब्यूशन) तरुण तलरेजा और मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी प्रभात ने ‘पंचायत’ की पूरी कास्ट और क्रू को सम्मानित किया। यह सम्मान सीरीज की शानदार उपलब्धियों और अब तक के सफल सफर के लिए दिया गया।
प्राइम वीडियो इंडिया के SVOD कंटेंट एक्विजिशन डायरेक्टर एवं हेड मनीष मेंघानी ने कहा कि ‘पंचायत’ इस बात का उदाहरण है कि अपनी जड़ों से जुड़ी कहानियां किस तरह भौगोलिक सीमाओं और संस्कृतियों से आगे बढ़कर दर्शकों के दिलों तक पहुंचती हैं।
उन्होंने कहा कि छोटे से गांव की जिंदगी पर आधारित इस कहानी ने पांच सीजन के सफर में भारत की सबसे पसंदीदा स्ट्रीमिंग फ्रेंचाइजी में अपनी जगह बनाई है। फुलेरा और वहां के किरदार अब दर्शकों की सामूहिक सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन चुके हैं। सीरीज की सादगी, कहानी की सच्चाई और मानवीय रिश्तों की गहरी समझ इसकी लोकप्रियता की सबसे बड़ी वजह है।
‘पंचायत’ के पांचवें सीजन में दर्शकों को एक बार फिर फुलेरा गांव की दुनिया देखने को मिलेगी। इस बार कहानी में नई सत्ता की लड़ाई, बदलते रिश्ते और कई नई चुनौतियां देखने को मिलेंगी। सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। इसके को-क्रिएटर दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार हैं। निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि कहानी चंदन कुमार ने लिखी है।
सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
मेकर्स के मुताबिक, ‘पंचायत 5’ का प्रीमियर 3 दिसंबर को प्राइम वीडियो पर किया जाएगा। यह सीरीज भारत सहित दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में एक्सक्लूसिव स्ट्रीम होगी। IFFI में पहले एपिसोड को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद अब दर्शकों को फुलेरा की नई कहानी और अपने पसंदीदा किरदारों की वापसी का बेसब्री से इंतजार है।