

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment News: The magic of Shraddha Kapoor’s ‘Eetha’ a Lavani dance performance by hundreds of women sets an Asia Book of Records entry.
मुंबई। श्रद्धा कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘ईठा’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है। फिल्म के पहले गाने ‘जी जी रे जी’ ने एक खास उपलब्धि हासिल करते हुए एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा लिया है। पुणे में आयोजित एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ इस गाने के हुक स्टेप पर लावणी डांस किया। इस रिकॉर्ड के लिए फिल्म की टीम को सर्टिफिकेट और गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया।
पुणे की जील यूनिवर्सिटी में फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन के लिए खास कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर भी शामिल हुए। कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में सजी सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ ‘जी जी रे जी’ गाने पर करीब एक मिनट तक लावणी के हुक स्टेप किए।
इस अनोखी प्रस्तुति को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अधिकारियों ने रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया। इस उपलब्धि के लिए मैडॉक फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और कठपुतली क्रिएशन्स महाराष्ट्र को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में श्रद्धा कपूर पारंपरिक नौवारी साड़ी में पहुंचीं। एमराल्ड ग्रीन साड़ी, ट्रेडिशनल जूलरी और कोल्हापुरी चप्पल में उनका मराठी अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया। इस दौरान एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से श्रद्धा कपूर, निर्देशक लक्ष्मण उतेकर और फिल्म की टीम को सर्टिफिकेट और गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। श्रद्धा ने भी मंच पर ‘जी जी रे जी’ गाने के हुक स्टेप किए और महिलाओं के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। उन्होंने इस खास कार्यक्रम में लावणी की परंपरा और उत्साह का आनंद लिया।
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘ईठा’ 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। यह फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की जिंदगी से प्रेरित है। फिल्म में श्रद्धा कपूर विठाबाई का किरदार निभा रही हैं।
फिल्म का पहला गाना ‘जी जी रे जी’ 17 नवंबर को रिलीज किया गया था। इसकी कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है। निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के मुताबिक, इस गाने के लिए श्रद्धा कपूर ने करीब 25 दिनों तक लगातार रिहर्सल की थी।
इस दौरान उन्होंने भारी घुंघरू पहनकर डांस की प्रैक्टिस की। बताया गया कि उनके दोनों पैरों में चार-चार किलो के घुंघरू थे, जिसके कारण पैरों में सूजन आ गई थी और मांसपेशियों में चोट भी आई थी।
फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, सिद्धार्थ जाधव और जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के गाने को मिली इस उपलब्धि ने रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।