

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Trailer for ‘Panchayat 5’ released; political drama to resume in Phulera from December 3rd
मुंबई। लोकप्रिय कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘पंचायत’ एक बार फिर फुलेरा गांव की नई कहानी और सियासी हलचल के साथ लौट रही है। प्राइम वीडियो ने पंचायत सीजन 5 का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया है। नए सीजन में पंचायत की कुर्सी पर नया चेहरा नजर आएगा, लेकिन गांव की राजनीति, रिश्तों और हास्य का सिलसिला पहले की तरह जारी रहेगा। सीरीज का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर होगा।
सीजन 5 का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है, जबकि दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार इसके निर्माण से जुड़े हैं। सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है।
ट्रेलर में फुलेरा गांव की बदलती राजनीति और किरदारों की जिंदगी में आने वाले नए मोड़ों की झलक दिखाई गई है। प्रधानजी (रघुबीर यादव) को पंचायत की कुर्सी से दूर होने के बाद नई परिस्थितियों के साथ तालमेल बैठाने में मुश्किल हो रही है। वहीं, सचिवजी (जितेंद्र कुमार) अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं, दोस्ती और पंचायत की बदलती राजनीति के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करते नजर आएंगे।
इसी बीच रिंकी (संविका) के साथ सचिवजी की प्रेम कहानी भी नए मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। नए प्रधानपति के सामने भी फुलेरा की जिम्मेदारी संभालने और अपनी भूमिका साबित करने की चुनौती होगी। ट्रेलर में गांव की राजनीति, रिश्तों, भावनाओं और हास्य का दिलचस्प मेल देखने को मिलता है।
पंचायत सीजन 5 में एक बार फिर सीरीज के लोकप्रिय कलाकार नजर आएंगे। इनमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैज़ल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक शामिल हैं।
फुलेरा के जाने-पहचाने किरदारों के साथ इस बार नई चुनौतियां, बदलते समीकरण और रिश्तों में आने वाले उतार-चढ़ाव दर्शकों को देखने को मिलेंगे।
सीरीज के सह-निर्माता, सह-रचनाकार और निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि चार सीजन के दौरान पंचायत भारत की सबसे पसंदीदा सीरीज में शामिल हो गई है। दर्शकों ने इसके किरदारों और फुलेरा की दुनिया को खूब प्यार दिया है।
उन्होंने कहा कि हर सीजन में टीम की कोशिश कहानी को आगे बढ़ाने के साथ उसकी असलियत और सादगी बनाए रखने की रही है। कहानी में नया जोड़ना, लेकिन उसकी सच्चाई और सहजता बरकरार रखना सबसे बड़ी चुनौती रही है। प्राइम वीडियो के साथ लंबे समय से चले आ रहे सहयोग ने इस सफर में रचनात्मक स्वतंत्रता प्रदान की है।
अब 3 दिसंबर को पंचायत सीजन 5 के प्रीमियर के साथ दर्शकों को फुलेरा की नई कहानी, बदलती पंचायत की राजनीति और सचिवजी-रिंकी के रिश्ते में आने वाले मोड़ों का इंतजार रहेगा।