

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rashmika Mandanna addressed a Women's Day celebration in Puttaparthi on the occasion of Sathya Sai Baba's 101st birth anniversary, stating that women's empowerment is essential for the nation's development.
मुंबई। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने महिला सशक्तिकरण को देश के विकास का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर देना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति के लिए भी जरूरी है। उन्होंने हाल ही में पुट्टपर्थी के प्रशांति निलयम स्थित साई कुलवंत हॉल में भगवान श्री सत्य साईं बाबा की 101वीं जयंती के अवसर पर आयोजित महिला दिवस समारोह को संबोधित किया।
समारोह में रश्मिका ने महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों, अवसरों की आवश्यकता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं और पुरानी बाधाओं को तोड़कर नई पीढ़ी के लिए रास्ते तैयार कर रही हैं।
महिलाओं से जुड़ी अपेक्षाओं और उनके सपनों को लेकर रश्मिका ने कहा कि वह ऐसी पीढ़ी की महिलाओं में शामिल हैं, जिन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया जाता है, लेकिन साथ ही अपने सपनों को समझाने, फैसलों को सही साबित करने और अवसरों के लिए बार-बार अपनी योग्यता साबित करने की चुनौती भी झेलनी पड़ती है।
उन्होंने कहा, “मैं उस पीढ़ी की महिलाओं में हूं, जिन्हें बड़े सपने देखने के लिए कहा जाता है, बहुत बड़े सपने देखने के लिए। लेकिन साथ ही हमें अपने सपनों को समझाना पड़ता है, अपने फैसलों को सही साबित करना पड़ता है और बार-बार यह साबित करना पड़ता है कि हम जिस मौके के हकदार हैं, वह हमें मिलना चाहिए।”
अपने अनुभव साझा करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि वह व्यक्तिगत संघर्षों, लोगों के फैसलों और आलोचनाओं का सामना करने के अनुभव से परिचित हैं। आगे का रास्ता स्पष्ट नहीं होने के बावजूद लगातार आगे बढ़ते रहना जरूरी है।
रश्मिका ने भारतीय महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं अब उन क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं, जिन्हें कभी उनके लिए कठिन या असंभव माना जाता था।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं बिजनेस का नेतृत्व कर रही हैं, सेना में सेवाएं दे रही हैं, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में योगदान कर रही हैं और राजनीति, प्रशासन, उद्यमिता, खेल, अभिनय व कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैसले लेने वाली भूमिका निभा रही हैं।
अभिनेत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को केवल एक सामाजिक उद्देश्य के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे देश के विकास के लिए आवश्यक समझना चाहिए।
भगवान श्री सत्य साईं बाबा की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए रश्मिका ने समाज को बेहतर बनाने में महिलाओं की रोजमर्रा की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षित करने वाली महिला देश के भविष्य को मजबूत करती है, ईमानदारी और अनुशासन को बढ़ावा देने वाली महिला अच्छे नागरिकों के निर्माण में योगदान देती है तथा गरीबों की सेवा करने वाली महिला समाज में सद्भाव बढ़ाती है।
उन्होंने कहा कि ईमानदारी के साथ नेतृत्व करने वाली महिलाएं अच्छे शासन में योगदान देती हैं और शांति को बढ़ावा देने वाली महिलाएं देश की एकता को मजबूत करती हैं।
रश्मिका मंदाना के संबोधन का संदेश यही रहा कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं को अवसर देने तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान को सम्मान देने से जुड़ा है। ऐसा समाज बनाना जरूरी है, जहां महिलाएं बिना डर के सपने देख सकें, अपने फैसले स्वयं ले सकें और बार-बार अपनी काबिलियत साबित किए बिना आगे बढ़ सकें।