

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री स्कूल में शिक्षक और शिक्षिकाओं का प्राचार्य के खिलाफ विरोध और उनके फिल्मी गानों पर बन रहे वायरल वीडियो ने सुर्खियां बटोर दी हैं। यह मामला न सिर्फ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना है, बल्कि स्कूल प्रशासन और स्टाफ के बीच तनाव को भी उजागर करता है।
जानकारी के अनुसार, पीएम श्री स्कूल के स्टाफ के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पहला वीडियो गणतंत्र दिवस का है। इसमें स्कूल की कुछ शिक्षिकाएं हाल ही में शादी की हुई एक शिक्षिका और उनके पति के साथ फिल्मी गाने “दामाद जी अंगना में पधारें” पर रील बनाती दिखाई दे रही हैं। बताया गया है कि यह आयोजन शिक्षिका के पति को स्टाफ से मिलवाने के लिए किया गया था।
दूसरा वीडियो बसंत पंचमी का है। इस दिन स्कूल में सरस्वती पूजा का आयोजन हुआ, और पूजा के बाद शिक्षिकाओं ने मिलकर फैशन परेड जैसी गतिविधि की। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
5 फरवरी को स्कूल के महिला और पुरुष स्टाफ ने प्रिंसिपल वंदना पांडेय के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। कुछ महीने पहले सस्पेंड की गई वंदना पांडेय को फिर से उसी स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर बहाल किया गया। शिक्षक इस आदेश के खिलाफ थे और उनका कहना था कि नियमों के अनुसार निलंबन के बाद उसी स्कूल में उनकी पोस्टिंग करना सही नहीं है।
इसके बाद 28 शिक्षक और 40 से अधिक छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने इस आदेश को रद्द करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो वे सामूहिक इस्तीफा देने को भी तैयार हैं।
टीचरों का कहना है कि वायरल वीडियो केवल स्कूल के काम के बाद खाली समय में बनाया गया था और इसे किसी भी प्रकार के विरोध के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल वंदना पांडेय ने इस वीडियो को वायरल करवा कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की।
पीएम श्री स्कूल के शिक्षक रघुनाथ साहू ने बताया, “वंदना पांडेय को लापरवाही के कारण पहले सस्पेंड किया गया था। बहाली के बाद उन्हें वही स्कूल में फिर से पोस्ट किया गया, जिससे पूरा स्टाफ नाराज है। उनका व्यवहार मानसिक रूप से शिक्षकों पर दबाव डालता है।” टीचर विद्या ठाकुर ने भी कहा कि स्टाफ अब प्राचार्य के अधीन काम नहीं करने का निर्णय ले चुका है और डीईओ को शिकायत दर्ज कराई गई है।