

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Gen-Alpha' Protest in Sendhwa: Students, upset over the poor facilities at their hostel, set out on a 62-km walk to meet the District Collector.
बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में सोमवार को एकलव्य आदर्श विद्यालय जामली के छात्र-छात्राओं का अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। हॉस्टल में मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने से नाराज छात्र अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के सामने रखने के लिए करीब 62 किलोमीटर दूर बड़वानी के लिए पैदल ही निकल पड़े। पुलिस-प्रशासन ने उन्हें सेंधवा से करीब 18 किलोमीटर दूर रास्ते में रोक लिया।
छात्रों का आरोप है कि एकलव्य आदर्श विद्यालय के हॉस्टल में उन्हें कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है। छात्रों ने साफ पानी, अच्छा भोजन और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं नहीं मिलने की शिकायत की है।
छात्रों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा था। इसी वजह से उन्होंने सीधे कलेक्टर से मिलकर अपनी बात रखने का फैसला किया।
छात्र-छात्राओं ने हॉस्टल में कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने और जाति के नाम से बुलाए जाने के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि वे इस तरह के व्यवहार को अब बर्दाश्त नहीं करेंगे।
छात्रों ने स्पष्ट कहा कि वे अपनी शिकायत किसी अन्य अधिकारी के माध्यम से नहीं, बल्कि कलेक्टर के सामने सीधे रखना चाहते हैं।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे छात्र-छात्राएं बड़वानी के लिए पैदल रवाना हुए। सेंधवा से करीब 18 किलोमीटर दूर पुलिस और प्रशासन की टीम ने उन्हें रोक लिया।
अधिकारियों ने छात्रों को समझाने और वापस भेजने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना था कि वे कलेक्टर से मिलकर ही अपनी समस्याएं बताएंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़वानी कलेक्टर जयंती सिंह जुलवानिया के लिए रवाना हुईं। जुलवानिया कन्या हाई स्कूल परिसर में उन्होंने सभी बच्चों से बातचीत की और उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं।
कलेक्टर ने कहा कि ये जिले के बच्चे हैं और प्रशासन की पूरी संवेदना उनके साथ है। उन्होंने बच्चों की ओर से बताई गई सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
कलेक्टर जयंती सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी द्वारा पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद अब छात्रों की शिकायतों पर होने वाली जांच और कार्रवाई पर सभी की नजर है।