

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Good Governance Festival: Chief Minister Vishnudeo Sai reached Kondapalli, a remote village in Bijapur, and listened to the problems of the villagers in the Chaupal.
बीजापुर। प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंगलवार को बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम कोण्डापल्ली पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की।
सरकार और जनता के बीच भरोसे का माध्यम बना सुशासन तिहार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को अपने अधिकारों के लिए भटकना न पड़े।

योजनाओं के लाभार्थियों से मिले, वितरित किए प्रमाण पत्र
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने वनाधिकार मान्यता पत्र, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, श्रम कार्ड तथा किसान हितग्राही योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से चर्चा कर योजनाओं के प्रभाव और उनके अनुभवों की जानकारी भी ली। ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं से जीवन में आए बदलावों को साझा किया।
शिकायतों और आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी जब उसका लाभ पात्र व्यक्ति तक सही समय पर पहुंचे और आमजन को शासन की संवेदनशीलता का अनुभव हो।
वनांचल क्षेत्रों के विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई धारा पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन लोगों के द्वार तक पहुंच रहा है, जिससे न केवल समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है, बल्कि शासन के प्रति आमजन का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।