

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Good news for aspiring teachers in Chhattisgarh: 5,000 teaching positions are set to be filled.
प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आने वाले दे महीने निर्णायक साबित हो सकते हैं। प्रदेश में पांच हजार नियमित शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया के तहत नवंबर और दिसंबर में अलग-अलग परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाकर अब दिसंबर कर दी गई है। सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा अब 6 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक पांच संभागीय मुख्यालयों में होगी। इसके अलावा, शिक्षक भर्ती परीक्षा अब 20 दिसंबर को 16 जिला मुख्यालयों में होगी। वहीं व्याख्याता भर्ती परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 नवंबर को ही होगी। परीक्षा के कार्यक्रम में बदलाव के चलते अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अब और अतिरिक्त समय मिल गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, नियमित भर्ती के तहत व्याख्याता के 854, शिक्षक के 1654, सहायक शिक्षक के 2292 और सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला के 200 शामिल हैं। इस प्रकार कुल 5000 पदें पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।
आपको बता दें, कि सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा पहले 11 अक्टूबर और शिक्षक भर्ती परीक्षा 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। अब दोनों ही परीक्षाओं की तारीख दिसंबर में निर्धारित की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों के पास तैयारी के लिए अब अतिरिक्त समय है, लेकिन उन्हें नए परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी रणनीति बनानी होगी।
दरअसल, इस भर्ती परीक्षा के कार्यक्रम में बदलाव की एक प्रमुख वजह दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन का समान अवसर देना है। कुछ दिव्यांगता श्रेणियों के अभ्यर्थी पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। इस मामले में अभ्यर्थियों ने बिलासपुर हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। नौ अक्टूबर 2026 को न्यायालय द्वारा दिए गए अदेश के पालन में दृष्टिबाधित, मूक-बधिर, सेरेब्रल पाल्सी, कुष्ठ रोग मुक्त और माइल्ड एएसडी सहित विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया है। चयन मंडल ने 15 से 30 अक्टूबर तक इनके लिए दोबारा ऑनलाइन आवेदन का अवसर दिया था।