

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Gwalior Crime Update: Two major cases of theft and fraud in Gwalior; a family was locked inside their home while they slept, and jewelry worth ₹26 lakh was stolen.
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपराध की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में चोरों ने घर में सो रहे परिवार को कमरों में बाहर से बंद कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वहीं, दूसरी घटना में कांच कारोबारी ने बकाया रकम नहीं देने, कथित ठगी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
पहली वारदात गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटू पार्क की है। मुक्तिधाम के पास रहने वाले संतोष सिंह रजक का परिवार रात में खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गया था। इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और परिवार के सदस्यों को कमरों में बाहर से बंद कर दिया। सुबह जब संतोष सिंह की पत्नी शारदा देवी उठीं तो उन्हें कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजा खुलने के बाद घर में चोरी का पता चला। चोर अलमारी से सोने के हार, चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके, बाले, चांदी की करधनी और पायजेब समेत करीब 25 लाख 30 हजार रुपये के जेवरात और 90 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। कुल चोरी की कीमत करीब 26 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। गोला का मंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरा मामला महलगांव क्षेत्र का है। यहां कांच कारोबारी अंकित जैन ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई है। कारोबारी के मुताबिक, उन्होंने अनंत शर्मा के घर करीब 3 लाख 93 हजार रुपये का कांच संबंधी काम कराया था। आरोप है कि इसके बदले केवल 1 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि शेष 2 लाख 93 हजार रुपये देने से इनकार कर दिया गया। अंकित जैन ने यह भी आरोप लगाया कि बकाया रकम मांगने पर उन्हें उठवा लेने की धमकी दी गई। हालांकि, दूसरे पक्ष ने नकद भुगतान करने का दावा करते हुए इन आरोपों को अपनी छवि खराब करने की कोशिश बताया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी क्राइम ब्रांच मनीष यादव ने दोनों पक्षों को एसपी कार्यालय बुलाकर उनके बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।