

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Harmanpreet steps down as captain; Smriti Mandhana takes charge of the Indian women's team.
नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को नया कप्तान मिल गया है। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को टीम की कमान सौंपी गई है। यह बदलाव हरमनप्रीत कौर के कप्तानी पद से हटने के फैसले के बाद हुआ है।हरमनप्रीत ने सोमवार को गुवाहाटी में बीसीसीआइ सचिव देवजीत सैकिया, मुख्य कोच अमोल मजूमदार और स्मृति मंधाना के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद सोशल मीडिया के जरिए कप्तानी छोड़ने की घोषणा की थी। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने स्मृति को नया कप्तान नियुक्त करने का फैसला किया।
मंधाना के अनुभव पर बोर्ड ने जताया भरोसा
बीसीसीआइ ने कहा कि स्मृति पिछले कई वर्षों से भारतीय महिला क्रिकेट की अहम खिलाड़ी रही हैं। सभी प्रारूपों में उनका प्रदर्शन और टीम में योगदान महत्वपूर्ण रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी उन्होंने नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया है।मंधाना 2013 से भारतीय टीम का हिस्सा हैं। उनके पास लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का अनुभव है, जिसे वह कप्तानी की नई जिम्मेदारी में इस्तेमाल करेंगी।
आरसीबी को दिला चुकी हैं दो खिताब
स्मृति मंधाना की कप्तानी का प्रभाव महिला प्रीमियर लीग में भी देखने को मिला है। उन्होंने रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 2024 और 2026 में महिला प्रीमियर लीग का खिताब दिलाया। बीसीसीआइ को उम्मीद है कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट में हासिल यह नेतृत्व अनुभव भारतीय टीम के लिए भी उपयोगी साबित होगा।बोर्ड के अनुसार भारतीय महिला टीम अब नए दौर में प्रवेश कर रही है। लक्ष्य हाल के वर्षों में टीम की प्रगति को आगे बढ़ाते हुए भविष्य के लिए मजबूत टीम तैयार करना है।
जिंबाब्वे के खिलाफ मंधाना करेंगी टीम की अगुआई
महिला चयन समिति ने जिंबाब्वे के खिलाफ आगामी टी-20 और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा भी कर दी है। तीन मैचों की टी-20 सीरीज 16 अक्टूबर से रायपुर में शुरू होगी। इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज 23 अक्टूबर से वडोदरा में खेली जाएगी।
टी-20 टीम
स्मृति मंधाना कप्तान, शेफाली वर्मा, निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, रिचा घोष, कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिंतिमणि कलिता और मिन्नू मणि।
वनडे टीम
स्मृति मंधाना कप्तान, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, तेजल हसबनिस, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष, यास्तिका भाटिया, वैष्णवी शर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, सायली सतघरे और रेणुका ठाकुर।
हरमनप्रीत टीम में बरकरार
कप्तानी छोड़ने के बावजूद हरमनप्रीत कौर दोनों प्रारूपों की टीम में शामिल हैं। इससे साफ है कि नेतृत्व में बदलाव के साथ टीम प्रबंधन ने उनके अनुभव को भी बरकरार रखा है। अब स्मृति के सामने कप्तानी की नई भूमिका में टीम को आगे ले जाने की चुनौती होगी।