

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

‘Seva Jyoti Sankalp Chowk’ to be constructed at 38 locations.
रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा देंगे।
मशाल लेकर मुख्यमंत्री ने किया यात्रा का नेतृत्व
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू हुई यह यात्रा तेलीबांधा चौक तक निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने भाग लिया।
मोदी के 25 साल के सेवाकाल को बताया जनसेवा की यात्रा
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके निरंतर सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इस अवधि को जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा बताया।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा प्रधानमंत्री के जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इस दौरान सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत में 17 सितंबर को प्रदेशवासियों ने डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की थी।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं बल्कि देशवासियों का सामूहिक संकल्प है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ जरूरी है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से आने वाले वर्षों के विकास की दिशा तय की है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र और वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है।
वैश्विक निवेश और अवसरों का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच है कि देश के राज्य दुनिया के विभिन्न देशों के साथ आर्थिक और संस्थागत संबंध मजबूत करें तथा निवेश, तकनीक, कौशल और नवाचार के वैश्विक अवसरों का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को सिंगापुर में आयोजित प्रथम ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी के लिए चुना था। सिंगापुर दौरे के दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।
‘वी विल डू इट’ के संकल्प पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘वी विल डू इट’ के उद्घोष का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य बड़ा जरूर है, लेकिन सामूहिक प्रयास से इसे हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
बृजमोहन अग्रवाल ने भी किया संबोधित
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लेने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।