

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Application deadline extended for Chendru State Rural Tourism Award.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार-2026’ के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2026 कर दी है। चयनित व्यक्ति या संस्था को एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
यह पुरस्कार ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में दीर्घकालीन और समर्पित योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार और आजीविका, होमस्टे, स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं, प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा समुदाय आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने वाले प्रयासों को पहचान दी जाएगी।
छह श्रेणियों में होगा मूल्यांकन
पुरस्कार के लिए प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन ग्रामीण पर्यटन से जुड़ी छह प्रमुख थीम के आधार पर किया जाएगा। इनमें—
एथनिक टूरिज्म
ईको टूरिज्म
धार्मिक पर्यटन
हेरिटेज टूरिज्म
एडवेंचर टूरिज्म
मेडिकल एंड वेलनेस टूरिज्म
शामिल हैं।
मूल्यांकन में ग्रामीण पर्यटन गतिविधियों के विकास, होमस्टे को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने, पर्यटकों को उपलब्ध कराए जा रहे विशिष्ट अनुभव, पर्यटन स्थलों और धरोहरों के संरक्षण तथा स्थानीय समुदाय की भागीदारी जैसे पहलुओं को विशेष महत्व दिया जाएगा।
इसके अलावा संबंधित क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में हुए बदलाव और आवेदक द्वारा अतीत तथा वर्तमान में किए गए कार्यों के प्रभाव का भी आकलन किया जाएगा।
व्यक्ति और संस्थाएं कर सकती हैं आवेदन
छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में काम करने वाले पात्र व्यक्ति और संस्थाएं इस पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। चयन में ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवा, उल्लेखनीय उपलब्धियों और समर्पित प्रयासों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदकों को निर्धारित प्रारूप में अपना परिचय, पता और फोटोग्राफ के साथ छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवास का प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड की सत्यापित प्रति प्रस्तुत करनी होगी। इसके साथ ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण, प्राप्त अन्य पुरस्कारों की जानकारी और उपलब्ध होने पर समाचार पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित सामग्री की सत्यापित प्रतियां भी संलग्न की जा सकती हैं।
आवेदक को पुरस्कार स्वीकार करने की लिखित सहमति भी देनी होगी।
राज्योत्सव में दिया जाएगा पुरस्कार
‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार’ हर वर्ष राज्योत्सव एवं राज्य स्थापना दिवस अलंकरण समारोह में प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान किसी व्यक्ति या संस्था को उसके जीवनकाल में केवल एक बार दिया जाएगा।
प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण छह सदस्यीय जूरी द्वारा किया जाएगा। जूरी की कार्यवाही गोपनीय रहेगी और चयन को लेकर किसी तरह की अपील स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं, शासकीय सेवकों को आवेदन करने से पहले सामान्य प्रशासन विभाग की पूर्व अनुमति लेना जरूरी होगा।
15 अक्टूबर तक भेजना होगा आवेदन
निर्धारित प्रारूप में पूरा आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से इस पते पर भेजना होगा:
प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड,
द्वितीय तल, उद्योग भवन, रिंग रोड नंबर-1,
रायपुर, छत्तीसगढ़-492001
आवेदन 15 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित पते पर पहुंचना अनिवार्य है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 73545-80006 अथवा ई-मेल scmpctb@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में काम कर रहे व्यक्तियों और संस्थाओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। पुरस्कार के जरिए गांवों की संस्कृति, प्रकृति और परंपराओं को संरक्षित करते हुए पर्यटन को रोजगार, आजीविका और सतत विकास से जोड़ने वाले प्रयासों को राज्य स्तर पर पहचान दी जाएगी।