

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh secures investment commitments worth ₹43,600 crore from Singapore visit; new avenues open up from AI data centers to skill development.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का तीन दिवसीय सिंगापुर दौरा निवेश और वैश्विक साझेदारी के लिहाज से अहम रहा। प्रदेश को दौरे के दौरान करीब ₹43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रतिबद्धताएं मिली हैं। सरकार के मुताबिक, किसी एक विदेश यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिली यह अब तक की सबसे बड़ी निवेश प्रतिबद्धताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल बुधवार को रायपुर लौट आया।
सिंगापुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ को ₹41,750 करोड़ के AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के निवेश प्रस्ताव के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास के लिए ITE Education Services, Singapore के साथ महत्वपूर्ण एमओयू भी हुआ। इसके अलावा हरित विकास, पर्यटन, वन्यजीव संरक्षण, डिजिटल फाइनेंस, फूड प्रोसेसिंग और वेस्टवॉटर इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में वैश्विक संस्थाओं के साथ सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
सिंगापुर की Energy Capital Global (ECG) ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। सरकार का मानना है कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ को देश की उभरती डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रमुख केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
वहीं Sunstream Green Energy Pvt. Ltd. की ओर से सौर ऊर्जा के साथ 300 मेगावाट बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर चर्चा हुई। वैश्विक एग्रीबिजनेस समूह Valency International Pte Ltd ने एकीकृत एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब के लिए ₹350 करोड़ के निवेश में रुचि दिखाई।
सिंगापुर के ITE Education Services के साथ हुए एमओयू को प्रदेश के युवाओं के कौशल विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इसके तहत उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने, तकनीकी प्रशिक्षण को मजबूत करने और कौशल से रोजगार तक बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा।
सरकार के अनुसार AI, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक उद्योगों में संभावित निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्थानीय स्टार्टअप और MSME को वैश्विक कंपनियों के सप्लायर और बिजनेस पार्टनर के रूप में आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है।
Singapore Business Federation (SBF) द्वारा आयोजित Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में छत्तीसगढ़ ने निवेश और विकास की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से इस फोरम में भागीदारी के लिए छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया गया था।
फोरम में सिंगापुर की विदेश मंत्रालय एवं व्यापार और उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री Gan Siow Huang, SBF के चेयरमैन Mark Lee, CEO Kok Ping Soon सहित Mastercard, Nestlé और IHCL (Taj Hotels) जैसी कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए।
फायरसाइड चैट के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप सुधारों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश में आने वाले प्रत्येक निवेश को रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. Vivian Balakrishnan से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच भारत-सिंगापुर संबंधों को राज्य स्तर पर और मजबूत करने के साथ निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित CEO राउंडटेबल में TCS, SMBC, Tolaram Group और Agrocorp सहित 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में छत्तीसगढ़ में निवेश और भविष्य की व्यावसायिक साझेदारियों की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
Global Finance & Technology Network (GFTN) के साथ AI और डिजिटल फाइनेंस के क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षण देने तथा छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों और बाजारों से जोड़ने पर विचार किया गया। Aquatech Pacific Holdings के साथ औद्योगिक अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा हुई, जबकि Adroit Overseas ने फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई।
सिंगापुर के Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group के साथ बैठकों में छत्तीसगढ़ में हरित विकास, जैव विविधता संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।
Gardens by the Bay की विशेषज्ञता का उपयोग नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने और शहरी क्षेत्रों में बेहतर हरित सार्वजनिक स्थल तैयार करने में किया जा सकता है। वहीं Mandai Wildlife Group के साथ नंदनवन जंगल सफारी को विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे को छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यात्रा से दुनिया के सामने यह स्पष्ट हुआ है कि छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेश के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अब प्रत्येक निवेशक के साथ लगातार फॉलो-अप करेगी, ताकि निवेश प्रस्तावों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जा सके।
सरकार का कहना है कि सिंगापुर दौरे में मिली निवेश प्रतिबद्धताएं, कौशल विकास समझौता और वैश्विक संस्थाओं के साथ हुई बातचीत से छत्तीसगढ़ में निवेश, तकनीक, कौशल, हरित विकास और पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।