

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Weather pattern changes in Chhattisgarh; rain likely over the next three days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव का दौर जारी है। राजधानी रायपुर में दिनभर तेज धूप के चलते गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया, वहीं शाम को आसमान में बादल छाने से कुछ राहत मिली। मुंगेली और बलरामपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उल्लेखनीय वर्षा नहीं हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार शाम या रात में हल्की बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इस दौरान तापमान 34 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 7 अक्टूबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले दो दिनों तक भी इसी तरह की मौसमी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। हालांकि मुंगेली और बलरामपुर जिले में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर आगे बढ़ रही है।
वहीं, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के चलते छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई से पहले कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।