

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Heavy rain alert for Chhattisgarh for the next 24 hours; monsoon to weaken from July 31; 15 cm of rainfall recorded in Raipur.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से जारी झमाझम बारिश का दौर अगले 24 घंटे तक जारी रहने की संभावना है। डीप डिप्रेशन सिस्टम और सक्रिय मानसूनी द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि 31 जुलाई से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक मौसमी (सब-डिवीजनल) वर्षा सामान्य बनी हुई है, लेकिन यह सामान्य औसत से करीब 6 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। इसके बावजूद पिछले तीन दिनों में हुई तेज बारिश ने कई जिलों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज कराई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 19 सेंटीमीटर बारिश बड़े बचेली में दर्ज की गई। इसके अलावा रायपुर शहर में 15 सेमी, कोमाखान और गरियाबंद में 14-14 सेमी, ओड़गी और बीजापुर में 13-13 सेमी, बागबाहरा, सुकमा और गोबरा नवापारा में 12-12 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं मैनपुर, पिथौरा, लाभांडी और कुकरेल में 11-11 सेमी, छुरा, माना, रायपुर एयरपोर्ट, मगरलोड, रुधरी, बेलरगांव और नगरी में 10-10 सेमी बारिश हुई। बसना, धमतरी, पलारी, गुरूर, रायपुर, बिहारपुर, गंगालूर, गुंडरदेही और कुरूद में 9-9 सेमी तथा बालोद, नरहरपुर, बास्तानार, छिंदगढ़, उसूर, सरायपाली और कोहकामेट में 8-8 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रायपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह के समय तेज धूप देखने को मिली।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका जैसलमेर से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय बनी हुई है, जिससे प्रदेश में लगातार नमी बनी हुई है। वहीं पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़, विदर्भ और दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर बना गहरा अवदाब (Deep Depression) अगले 12 घंटों में पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ सकता है। इसके बाद अगले 24 घंटे में यह सामान्य अवदाब में बदलते हुए विदर्भ और दक्षिण मध्यप्रदेश की ओर आगे बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे तक दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद 31 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है, जिससे लोगों को लगातार हो रही बारिश से कुछ राहत मिल सकती है।