

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Heavy rain likely in Chhattisgarh over the next two days; alert issued for south-central regions; warning of extremely heavy rainfall in Bastar.
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई देने लगा है। बुधवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला और रुक-रुककर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बीते बुधवार सुबह रायपुर में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद आसमान में घने और काले बादल छा गए। इसके बाद करीब 30 मिनट तक तेज बारिश हुई। बारिश रुकने के बाद कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रही।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के आंकड़ों के अनुसार बुधवार शाम 5:30 बजे तक रायपुर शहर में 10.4 मिलीमीटर और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 15.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसमी सिस्टम का सबसे ज्यादा प्रभाव दक्षिण छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर संभाग में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बस्तर संभाग और आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में भारी से अतिभारी बारिश भी हो सकती है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे ज्यादा 80 मिमी बारिश बस्तर जिले के करपावंड में दर्ज की गई। इसके अलावा मैनपुर में 70 मिमी और फरसगांव में 60 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 24 सितंबर को बस्तर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
वहीं 24 और 25 सितंबर को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही एक-दो स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बारिश के साथ कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।
मौसम विभाग के अनुसार गहरे अवदाब के रूप में सक्रिय मौसमी सिस्टम गुरुवार को विशाखापट्टनम और पुरी के समुद्र तट को पार कर सकता है। इसके प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश का दौर रुक-रुककर जारी रहने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम का अंतिम सप्ताह चल रहा है। इस दौरान प्रदेश में बारिश के लिए एक-दो और मौसमी सिस्टम बनने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में मानसून की विदाई से पहले प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।