

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Farmers protest over crop damage in Durgukondal; 400 farmers arrive at the Tehsil office with tractors.
कांकेर। कांकेर जिले के दुर्गुकोंदल ब्लॉक के लोहत्तर क्षेत्र के करीब 400 किसान बुधवार को ट्रैक्टर लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे। किसानों ने धान सहित अन्य खरीफ फसलों में कीट प्रकोप, रोग और अल्पवर्षा के कारण हुए नुकसान की शिकायत करते हुए प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराने की मांग की।
किसानों का कहना है कि इस वर्ष क्षेत्र में धान की फसल पर कीट और विभिन्न रोगों का व्यापक प्रकोप देखने को मिल रहा है। इसके अलावा पर्याप्त बारिश नहीं होने से भी फसल प्रभावित हुई है। किसानों के अनुसार, करीब 90 प्रतिशत धान की फसल नुकसान की चपेट में है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।
किसानों ने तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित फसलों का सर्वे कराने के साथ राहत-मुआवजा और फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग की। किसानों ने कहा कि समय रहते नुकसान का आकलन किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को सरकारी योजनाओं के तहत सहायता मिल सके।
तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा ने किसानों को बताया कि फसल कटाई के समय क्षति का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर फसल नुकसान का निर्धारण किया जाएगा। किसानों ने हालांकि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द सर्वे कराने की मांग रखी है।
किसानों के साथ पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन से फसल नुकसान का जल्द सर्वे कराने की मांग की। उनका कहना है कि कीट प्रकोप, रोग और अल्पवर्षा से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए नुकसान का समय पर आकलन जरूरी है।