

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Arun Sao hits back at a Congress poster regarding Smriti Irani's appointment as Chhattisgarh in-charge; says the fear of the Amethi defeat is evident.
रायपुर। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने स्मृति ईरानी के संसद में दिए गए पुराने भाषणों के साथ गैस सिलेंडर और शक्कर की बढ़ी कीमतों को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर निशाना साधा है। कांग्रेस के इस हमले पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार किया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्मृति ईरानी ने अमेठी में कांग्रेस के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी को चुनाव में पटकनी दी थी। अब उनके छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी बनने के बाद कांग्रेस में भी उसका खौफ दिखाई दे रहा है।
अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को डर है कि अगर उनके सबसे बड़े नेता का ऐसा हश्र हुआ है, तो छत्तीसगढ़ में उनका क्या होगा। उन्होंने कहा कि इसी डर के कारण कांग्रेस स्मृति ईरानी के खिलाफ पोस्टर जारी कर रही है।
दरअसल, कांग्रेस ने स्मृति ईरानी के संसद में दिए गए एक पुराने भाषण को आधार बनाकर सोशल मीडिया पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में गैस सिलेंडर और शक्कर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी स्मृति ईरानी पर निशाना साधा गया है।
स्मृति ईरानी ने अपने उस भाषण में तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर आदिवासियों के विरोध के बावजूद अडानी को काम देने का आरोप लगाया था। इसी भाषण को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी पर राजनीतिक हमला बोला है।
स्मृति ईरानी की नियुक्ति पर अरुण साव ने कहा कि वह अनुभवी, तेज-तर्रार और सक्रिय राजनेता रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार में बड़े विभागों की जिम्मेदारी संभाली है और उनका लंबा राजनीतिक अनुभव है।
उन्होंने कहा कि संघर्षशील और मेहनती राजनेता के तौर पर स्मृति ईरानी की पहचान है। उनके छत्तीसगढ़ प्रभारी के रूप में आने से संगठन को मजबूती मिलेगी। साथ ही सरकार के कामकाज में भी उनका सहयोग मिलेगा। अरुण साव ने कहा कि वह पार्टी और सरकार के लिए मददगार साबित होंगी।
आगामी निकाय चुनाव को लेकर भी उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा की तैयारियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जो हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहता है और लगातार जनता के बीच रहता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 15 निकायों में होने वाले चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह तैयार है। पार्टी की चुनावी गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। अरुण साव ने दावा किया कि अधिकांश निकायों में भाजपा की जीत होगी, क्योंकि जनता ने सरकार के काम को देखा है।