

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Horrific road accident in Simga... passenger bus rams into a stationary truck; five dead and 14 injured.
सिमगा/बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सोमवार तड़के नेशनल हाईवे-130 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर से रायपुर आ रही यात्री बस सड़क पर खराब होने के कारण खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। दुर्घटना में बस चालक और हेल्पर समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 यात्री घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया।हादसा सुबह करीब 5:30 बजे सिमगा के पास ग्राम दरचुरा से पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ यात्री बस के भीतर फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव दल को गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद लेनी पड़ी।
पुलिस के मुताबिक, रॉयल कंपनी की बस क्रमांक सीजी 04 एनएम 0859 अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही थी। बस में 22 यात्री सवार थे। रास्ते में वह सड़क पर खड़े खराब ट्रक क्रमांक सीजी 07 बीएल 4370 से जा भिड़ी।इस हादसे में बस चालक जशपुर निवासी भागीरथी यादव, हेल्पर पवन देवांगन और समीम मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अतुल और सुंदरलाल ने रायपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल वासुदेव राव, निर्मला यादव, सुमन दीक्षित, अमन गुप्ता, सतीश भगत और अनिल यादव को रायपुर रेफर किया गया। घायलों में राजेंद्र ठाकुर, सविता केंवट, बुधराम केंवट, दुलेश्वर यादव, अनुराग वेद, दिलीप तिवारी, कमल दास गुप्ता और पूनम टोप्पो के नाम भी शामिल हैं।
हादसे के बाद हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिस ट्रक से बस टकराई, वह खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। उसके पास वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए ट्रैफिक कोन भी लगाए गए थे। इसके बावजूद बस ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।अब जांच में यह पता लगाना जरूरी होगा कि ट्रक सड़क पर किस स्थान पर खड़ा था, वह कितनी देर से खराब था और चेतावनी कोन पर्याप्त दूरी पर लगाए गए थे या नहीं। सुबह के अंधेरे में संकेतक स्पष्ट दिखाई दे रहे थे या नहीं, इसकी भी जांच की जरूरत है। इसके अलावा हाईवे पेट्रोलिंग टीम को खराब ट्रक की जानकारी थी या नहीं, यह पहलू भी महत्वपूर्ण है।
नेशनल हाईवे-130 पर दरचुरा के आसपास इसी साल 6 मार्च को भी गंभीर सड़क दुर्घटना हुई थी। उस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई थी और 29 लोग घायल हुए थे। घायलों में से 17 को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजना पड़ा था।एक बार फिर उसी इलाके में पांच लोगों की जान जाने से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चिंता बढ़ गई है।