

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

How did Yash prepare himself to play Ravana in ‘Ramayana’? The makers have released ‘The Making of Ravana’ video.
मुंबई। रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे रॉकिंग स्टार यश भी अपने दमदार लुक और अभिनय को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच फिल्म के मेकर्स ने ‘द मेकिंग ऑफ रावण’ नाम से एक खास बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो रिलीज किया है। इसमें यश के रावण बनने के सफर, किरदार की तैयारी और उसे पर्दे पर जीवंत करने के पीछे की सोच को दिखाया गया है।
वीडियो में निर्माता नमित मल्होत्रा बताते हैं कि रावण जैसे पारंपरिक रूप से खलनायक माने जाने वाले किरदार के लिए यश जैसे सुपरस्टार को चुनना एक बड़ी चुनौती थी। इस भूमिका के लिए ऐसे कलाकार की जरूरत थी, जिसकी शख्सियत प्रभावशाली हो और जिसका अपना अलग स्टारडम हो। नमित के मुताबिक, यश और उनकी साझा महत्वाकांक्षा ने इस सहयोग को खास बनाया।
वीडियो में यश बताते हैं कि रावण का किरदार निभाने के उनके फैसले पर दोस्तों और परिवार के लोगों ने भी सवाल उठाए थे। इसकी वजह यह थी कि रावण को पारंपरिक रूप से बुराई के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। हालांकि, यश के लिए ‘रामायण’ का हिस्सा बनना स्टारडम से कहीं बड़ा अनुभव है।
उनका मानना है कि यह हमारी अपनी कहानी है और हममें से कोई भी ‘रामायण’ से बड़ा नहीं है। यही सोच उन्हें इस महाकाव्य से जुड़ने के लिए प्रेरित करती है।
निर्देशक नितेश तिवारी ने वीडियो में रावण के व्यक्तित्व की अलग-अलग परतों पर बात की है। उनके मुताबिक, रावण को सिर्फ एक साधारण खलनायक के तौर पर नहीं देखा जा सकता। वह एक महान ज्योतिषी, भगवान शिव का परम भक्त और पराक्रमी योद्धा भी था।
नितेश तिवारी राम को हृदय और रावण को मस्तिष्क के रूप में देखते हैं। उनके अनुसार, इन दोनों किरदारों के बीच का अंतर मन और हृदय के संघर्ष को दर्शाता है। फिल्म में रावण के इसी जटिल व्यक्तित्व को नए नजरिए से पेश करने की कोशिश की गई है।
वीडियो में रणबीर कपूर भी यश के किरदार को लेकर अपनी राय साझा करते नजर आते हैं। वह रावण के व्यक्तित्व की जटिलता को समझने और उसे पर्दे पर प्रस्तुत करने के यश के अंदाज की सराहना करते हैं।
नमित मल्होत्रा के मुताबिक, उनके पास ‘रामायण’ को लेकर एक बड़ा विजन था, जबकि यश असंभव को संभव बनाने की महत्वाकांक्षा लेकर आए। दोनों की सोच और महत्वाकांक्षा का मिलन ही इस फिल्म के निर्माण की खास वजह बना।
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। इसका निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से किया है।
दो भागों में तैयार की जा रही इस महाकाव्य फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज हो चुका है। वहीं, दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई है। इसे IMAX फॉर्मेट में भी दर्शकों के लिए पेश किया गया है।