

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: Impact of US-Iran tension, air travel becomes expensive, burden on passengers' pockets
नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच जारी भू-राजनीतिक तनाव का असर अब भारत के आम नागरिकों तक पहुंचने लगा है। इस तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में तेजी आई है। ईंधन महंगा होने से एयरलाइंस की ऑपरेटिंग लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है।
एयरलाइंस ने लागू किया फ्यूल सरचार्ज
बढ़ती लागत को देखते हुए इंडिगो और एयर इंडिया जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने ‘फ्यूल सरचार्ज’ लागू कर दिया है। इसके बाद देशभर में फ्लाइट टिकट की कीमतों में 15 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
समर शेड्यूल से बढ़ी यात्रियों की परेशानी
मार्च के अंत से लागू समर शेड्यूल के बाद इंदौर से कई शहरों के लिए सीधी उड़ानें बंद हो गई हैं। इससे यात्रियों को अब कनेक्टिंग फ्लाइट्स का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं। बढ़ते किराए के चलते कई लोग अब ट्रेन या अन्य परिवहन विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
इंदौर से प्रमुख रूट्स पर किराए में उछाल
इंदौर से उड़ान भरने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा असर महसूस हो रहा है। इंदौर से मुंबई का किराया लगभग 4500 रुपए से बढ़कर 6500 रुपए तक पहुंच गया है। कोलकाता रूट पर टिकट की कीमत 6500-7500 रुपए से बढ़कर 8500 से 12,000 रुपए तक हो गई है। ट्रैवल एक्सपर्ट्स का कहना है कि कोलकाता रूट पर कम प्रतिस्पर्धा और अधिक मांग के कारण किराए में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
समर वेकेशन प्लान पर असर
बढ़ते हवाई किरायों ने लोगों के समर वेकेशन प्लान पर भी असर डाला है। कई परिवार अब अपने बजट के अनुसार यात्रा योजनाओं में बदलाव कर रहे हैं।ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़) के चेयरमैन हेमेंद्र सिंह जादौन के अनुसार, यदि अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द नहीं सुधरे और ATF की कीमतों में गिरावट नहीं आई, तो आने वाले दिनों में हवाई किराए और बढ़ सकते हैं।